दबंग भाजपा पार्षद पर युवक की हत्या का आरोप

हल्द्वानी में भाजपा पार्षद ने चलाई गोली

कांग्रेस समेत विपक्ष ने भाजपा को घेरा

अविकल उत्तराखंड

हल्द्वानी। नैनीताल जिले के हल्द्वानी में सोमवार देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। इस हत्याकांड में भाजपा समर्थित नगर निगम पार्षद एवं मुखानी मंडल उपाध्यक्ष अमित बिष्ट उर्फ चिंटू पर आरोप लगा है।
मृतक की पहचान 23 वर्षीय नितिन लोहनी के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पार्षद को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना रामपुर रोड क्षेत्र की है। बताया गया कि देर रात नितिन लोहनी अपने साथी के साथ भाजपा पार्षद अमित बिष्ट के घर पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि पार्षद ने पहले जमीन पर फायर किया और बाद में भाग रहे नितिन पर गोली चला दी। गोली लगने से नितिन गंभीर रूप से घायल हो गया और नाली में गिर पड़ा। उसे आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसपी सिटी मनोज कत्याल और एएसपी दीपशिखा अग्रवाल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है, पीडि़त परिवार की तहरीर के आधार पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस हत्याकांड के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। बड़ी संख्या में लोग कोतवाली पहुंचे और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं, इस घटना ने राजनीतिक तूल भी पकड़ लिया है।

आरोपी पार्षद का है क्षेत्र में दबदबा

स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी पार्षद का क्षेत्र में पहले से ही दबदबा रहा है। पूर्व में एक ठेली वाले के साथ मारपीट का वीडियो भी वायरल हुआ था, जिस पर कार्रवाई के दौरान राजनीतिक दबाव की चर्चाएं सामने आई थीं। इस पृष्ठभूमि में नितिन लोहनी हत्याकांड को लोग केवल आपराधिक घटना नहीं, बल्कि सत्ता और अपराध के गठजोड़ के रूप में देख रहे हैं।

अपराधियों को मिल रहा राजनीतिक संरक्षण : डा कैलाश पांडेय
भाकपा माले के जिला सचिव डॉ कैलाश पांडेय ने घटना को भाजपा शासन में अपराधियों को मिल रहे राजनीतिक संरक्षण का परिणाम बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा अपराधियों का शरणस्थल बन चुकी है और राज्य में अपराध का राजनीतिकरण हो चुका है। उनका आरोप है कि आरोपी पार्षद पहले भी दबंगई की घटनाओं में शामिल रहा है और पूर्व में उसे राजनीतिक संरक्षण मिला।

भाजपा शासन में पनप रही आपराधिक संरचना का भयावह उदाहरण : करन माहरा

हल्द्वानी में 23 वर्षीय युवक नितिन लोहनी की गोली मारकर हत्या को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। विपक्ष ने इस घटना को साधारण अपराध नहीं, बल्कि भाजपा शासन में पनप रही आपराधिक संरचना का भयावह उदाहरण बताया है।

करन माहरा ने बयान में कहा गया कि जिस व्यक्ति पर हत्या का आरोप है, वह भाजपा से जुड़ा पार्षद और मंडल उपाध्यक्ष है, जिससे मामला और गंभीर हो जाता है। विपक्ष का आरोप है कि यह पहली बार नहीं है जब उक्त आरोपी पर सवाल खड़े हुए हों।
कुछ माह पूर्व जब पुलिस ने उसके खिलाफ कार्रवाई करने का प्रयास किया था, तब कालाढूंगी से भाजपा विधायक बंशीधर भगत कोतवाली के बाहर धरने पर बैठ गए थे और पुलिस अधिकारियों पर दबाव बनाया गया था। विपक्ष का कहना है कि यह घटना प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाती है। बयान में कहा गया कि आज उत्तराखंड में अपराधियों को किसका संरक्षण मिल रहा है, यह जनता के सामने है। आरोप लगाया गया कि सत्ता के संरक्षण के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और कानून का भय खत्म होता जा रहा है। यदि समय रहते सख्त कार्रवाई की जाती और पुलिस को स्वतंत्र रूप से काम करने दिया जाता, तो शायद यह घटना टल सकती थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *