प्रदेश के 13 जिलों में धरना–प्रदर्शन
18 सूत्रीय मांग पत्र भेजा जाएगा
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद उत्तराखंड के आह्वान पर चल रहे आंदोलन का दूसरा चरण 7 फरवरी, शनिवार से शुरू होगा। इसके तहत देहरादून में गांधी रोड स्थित दीनदयाल उपाध्याय पार्क में धरना–प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।
वहीं पौड़ी गढ़वाल में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित गांधी मूर्ति के समक्ष कर्मचारी धरना देंगे। इसके साथ ही प्रदेश के सभी 13 जनपदों के जिला मुख्यालयों पर भी धरना–प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
परिषद के अनुसार, प्रदेशभर से 250 से अधिक घटक संगठन आंदोलन में भाग लेने के लिए अपने-अपने जिला मुख्यालयों पर पहुंच रहे हैं। कार्यक्रम के समापन के बाद सभी जनपदों में परिषद के पदाधिकारी 18 सूत्रीय मांग पत्र जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजेंगे।
परिषद के 18 सूत्रीय मांग पत्र में 10, 16 और 26 वर्ष की सेवा पूर्ण होने पर एसीपी, गोल्डन कार्ड व्यवस्था में सुधार, वाहन भत्ता, आठवें वेतन आयोग का गठन तथा निगम, निकाय, विश्वविद्यालय और वर्दीधारी कर्मचारियों से जुड़ी विभिन्न मांगें शामिल हैं।
संयुक्त कर्मचारी परिषद के प्रदेश अध्यक्ष अरुण पांडे और प्रांतीय महामंत्री शक्ति प्रसाद भट्ट ने कहा कि कर्मचारियों की न्यायोचित मांगों पर ठोस और सकारात्मक निर्णय होने तक आंदोलन को और अधिक व्यापक और निर्णायक बनाया जाएगा।

