तिब्बती मार्केट हत्याकांड में करोड़ों के लेन देन की कहानी सामने आई

दून के चिकित्सक सहित दम्पत्ति को कठघरे में खड़ा किया

मृतक की पत्नी ने सास पर भी लगाए आरोप,कांग्रेस भड़की

आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस की टीमें गठित, सीसीटीवी व सर्विलांस से जुटाई जा रही जानकारी

अविकल उत्तराखंड

देहरादून। डालनवाला क्षेत्र में हुई हत्या की घटना में नया मोड़ सामने आया है। मृतक अर्जुन शर्मा की पत्नी अभिलाषा शर्मा (निवासी 41/1 बसंत विहार, देहरादून ) ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर अपनी सास बीना शर्मा सहित तीन अन्य लोगों पर पति की हत्या कराए जाने का शक जताया है।

प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि बीना शर्मा का विनोद उनियाल, संगीता उनियाल तथा एस.के. मेमोरियल हॉस्पिटल से जुड़े डॉ. अजय खन्ना के साथ पैसों का लेन-देन चल रहा था। अर्जुन शर्मा इस लेन-देन का विरोध कर रहे थे, जिसके चलते उनका अपनी माता के साथ विवाद भी चल रहा था। यह मामला न्यायालय में भी लंबित बताया गया है।

अभिलाषा शर्मा ने आशंका व्यक्त की है कि उक्त विवाद के कारण इन सभी व्यक्तियों द्वारा उनके पति की हत्या कराई गई है।
शिकायत के आधार पर कोतवाली डालनवाला में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
गौरतलब है कि करोड़ों रुपए के लेन देन के मामले में अजय शर्मा का आरोपियों से विवाद चल रहा था। इस बाबत पुलिस को पूर्व में दी गयी सूचना में अजय शर्मा ने जान को खतरा बताया था।

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई हैं। साथ ही पूरे जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस के माध्यम से भी घटना से जुड़े संदिग्धों की जानकारी जुटा रही है।

कांग्रेस ने कानून व्यवस्था पर घेरा

कांग्रेस के उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि उत्तराखंड में कानून व्यवस्था पूरी तरह से रसातल में चली गई है और पुलिस का खौफ अपराधियों के दिल दिमाग से पूरी तरह समाप्त हो चुका है।

तिब्बती मार्केट में प्रेस क्लब से चंद कदमों की दूरी पर हुई गोलीबारी में युवक की हत्या से लचर पुलिस व्यवस्था की पोल खुल गयी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *