रिक्त पदों पर पदोन्नति न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी

लंबित पदोन्नति के मुद्दे पर यूपीसीएल मुख्यालय में गेट मीटिंग

अविकल उत्तराखंड

देहरादून। उत्तरांचल पॉवर इंजीनियर्स एसोसिएशन ने अधिशासी अभियंता के रिक्त पदों पर वर्षों से लंबित पदोन्नति और अन्य लंबित मांगों के निस्तारण न होने के विरोध में यूपीसीएल मुख्यालय पर गेट मीटिंग आयोजित की। सोमवार को हुई बैठक की अध्यक्षता अधीक्षण अभियंता नवीन मिश्रा ने की।

महासचिव राहुल चानना ने कहा कि माननीय न्यायालय में वर्षों के संघर्ष के बाद जारी वरिष्ठता सूची पर किसी प्रकार का स्थगन आदेश नहीं है। उन्होंने बताया कि पदोन्नत सहायक अभियंता द्वारा दायर अवमानना याचिका भी 3 जनवरी 2026 को खारिज हो चुकी है। इसके बावजूद प्रबंधन द्वारा पदोन्नति प्रक्रिया प्रारंभ नहीं की गई, जबकि प्रत्येक वार्ता में एसोसिएशन को आश्वस्त किया जाता रहा कि अवमानना याचिका खारिज होने के बाद शीघ्र पदोन्नति की जाएगी।

उन्होंने कहा कि एसोसिएशन हमेशा वार्ता के माध्यम से न्यायोचित मांगों के समाधान का पक्षधर रहा है। कई वर्षों से इस गंभीर मुद्दे पर वार्ता की जा रही है, लेकिन पदोन्नति न होने से अभियंताओं में निराशा है। इसके अतिरिक्त नवनियुक्त सहायक अभियंताओं को विभागीय संयोजन की सुविधा, प्रारंभिक वेतनवृद्धि का लाभ और स्थायीकरण जैसे मामलों में भी प्रबंधन द्वारा सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई है। इसी कारण एसोसिएशन को आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए बाध्य होना पड़ा है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष युद्धवीर सिंह तोमर ने कहा कि कॉरपोरेशन में अंतिम वरिष्ठता सूची जारी होने और पात्रता पूरी होने के बावजूद सीधी भर्ती के सहायक अभियंता पिछले 16 वर्षों से अपनी पहली पदोन्नति से वंचित हैं, जिससे अभियंताओं में भारी रोष है। उन्होंने बताया कि आंदोलन के प्रथम चरण में गेट मीटिंग के माध्यम से विरोध दर्ज कराया जा रहा है।

वक्ताओं ने बताया कि कॉरपोरेशन में अधिशासी अभियंता के 93 स्वीकृत पदों में से लगभग 40 पद रिक्त हैं। इसके कारण कई अभियंताओं को दोहरा कार्यभार संभालना पड़ रहा है, जो निगम और राज्य हित में उचित नहीं है।

एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि अधिशासी अभियंता के रिक्त पदों पर पदोन्नति और अन्य लंबित मांगों का समाधान होने तक आंदोलन जारी रहेगा। दूसरे चरण में 10 फरवरी 2026 को यूपीसीएल मुख्यालय में विरोध सभा आयोजित की जाएगी।
गेट मीटिंग में अध्यक्ष युद्धवीर सिंह तोमर, महासचिव राहुल चानना, मुख्य अभियंता जसवंत सिंह, मोहित जोशी, एन.एस. बिष्ट, अधीक्षण अभियंता नवीन मिश्रा, विकास गुप्ता, अनिल धीमान, मोहित डबराल तथा अन्य सदस्य विपिन कुमार, मुकेश कुमार, सौरभ पांडे, ब्रिजेश यादव, हिमांशु बडोनी, श्वेता, मीनाक्षी, कल्पना, नीति, अनुज, आशीष सहित अनेक अभियंता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *