अंकिता भंडारी हत्याकांड में भाजपा नेत्रियों की चुप्पी शर्मनाक
सबूत मिटाने वाली विधायक की सदस्यता हो बर्खास्त
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड में शामिल वीआईपी पर कार्रवाई की मांग को लेकर महिला कांग्रेस ने विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूरी के यमुना कॉलोनी स्थित आवास का घेराव किया। इस दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर सांकेतिक विधानसभा लगाकर जघन्य हत्याकांड से जुड़े कई ज्वलंत सवाल उठाए।
प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने विधानसभा अध्यक्ष के प्रतीक स्वरूप प्रदेश महिला उपाध्यक्ष आशा मनोरमा शर्मा को पदासीन कर प्रश्न पूछे। उन्होंने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी और पार्टी की मुखर महिला प्रवक्ता इस मामले में चुप्पी क्यों साधे हुए हैं। हत्याकांड के सबूत मिटाने की आरोपी विधायक रेणु बिष्ट की विधानसभा सदस्यता अब तक क्यों बर्खास्त नहीं की गई। क्या भाजपा की महिला नेत्रियों को प्रदेश की महिलाओं की अस्मिता और उनके दुख-दर्द से कोई सरोकार नहीं है।

ज्योति रौतेला ने कहा कि यदि भाजपा की नेत्रियां वास्तव में महिलाओं के प्रति संवेदनशील हैं और अंकिता भंडारी के जघन्य हत्याकांड को लेकर उन्हें जरा भी शर्म है, तो उन्हें स्वयं दुष्यंत गौतम के इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग करनी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि बीते तीन वर्षों में प्रदेश में महिलाओं के साथ अत्याचार, दुष्कर्म और अन्य अपराधों की अनेक घटनाओं में भाजपा नेताओं की संलिप्तता सामने आई है, लेकिन राजनीतिक संरक्षण के चलते किसी भी मामले में ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी। यह घटनाएं उत्तराखंड की अस्मिता को कलंकित करने वाली हैं। इसके बावजूद भाजपा की महिला नेत्रियां मौन बनी हुई हैं।
प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूरी से एक महिला होने के नाते संवेदनशीलता दिखाने की अपील करते हुए कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड के सबूत मिटाने वाली विधायक रेणु बिष्ट की विधानसभा सदस्यता तत्काल प्रभाव से समाप्त की जानी चाहिए।

घेराव कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष आशा मनोरमा शर्मा, चंद्रकला नेगी, पार्षद कोमल बोरा, संगीता गुप्ता, अनुराधा तिवाड़ी, महासचिव निधि नेगी, पुष्पा पंवार, सुशीला शर्मा, अंशुल त्यागी, शिवानी मिश्रा, अमृता कौशल, नीरू सिंह, दीपा चौहान, देवेंद्र कौर, आयुष गुप्ता, गौरव रावत, रितेश क्षेत्री, अभिषेक डोबरियाल सहित अनेक महिला कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहीं।

