उत्तरकाशी में धार्मिक स्थल को लेकर मचा बवाल, पुलिस पर पथराव, कई घायल

संयुक्त सनातन धर्म रक्षक दल की महारैली पर लाठीचार्ज,तनाव

अफवाहों पर ध्यान न दें, शांति बनाए रखें- डीएम

अविकल उत्तराखंड 

उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जिले में गुरुवार को संयुक्त सनातन धर्म रक्षक दल की महारैली के दौरान हंगामा हो गया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच नोकझोंक हुई, जिसके चलते स्थिति तनावपूर्ण हो गई। भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिससे पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया। पथराव में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।

रैली का आयोजन जिला मुख्यालय के पास एक मस्जिद की वैधता को लेकर किया था। स्थानीय व्यापारियों ने भी बाजार बंद कर इस रैली का समर्थन किया।

प्रदर्शनकारी मुख्य बाजार से होते हुए भटवाड़ी रोड तक पहुंचे, जहां पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोकने की कोशिश की। पुलिस ने बताया कि प्रदर्शनकारियों द्वारा किए गए पथराव में कई पुलिसकर्मी घायल हुए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। जिस मस्जिद को लेकर यह हंगामा हुआ, उसे जिला प्रशासन ने वैध बताया है। इस संबंध में 21 अक्टूबर को एक प्रेस नोट भी जारी किया था, जिसमें मस्जिद के बारे में जानकारी दी गई थी।

जिलाधिकारी की शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील, प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई

जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने जनपदवासियों से शांति व्यवस्था को बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में किसी को भी कानून-व्यवस्था को हाथ में लेने या शांति भंग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी, और लोक शांति के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

डॉ. बिष्ट ने बताया कि आज जिला मुख्यालय उत्तरकाशी में संयुक्त सनातन धर्म रक्षक संघ को प्रदर्शन की सशर्त अनुमति दी गई थी, जिसमें पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक का समय निर्धारित किया गया था। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ पिछले दिन हुई वार्ता में प्रदर्शनकारी संगठन के नेताओं ने निर्धारित रूट और समय के भीतर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का वचन दिया था।

प्रदर्शन का रूट श्रीदेव सुमन मंच हनुमान चौक से मुख्य बाजार, कालीकमली धर्मशाला, बस स्टेशन, सिंगल तिराहा, विश्वनाथ चौक से होते हुए रामलीला मैदान तक तय किया गया था। इसके साथ ही नगर में धारा 163 बीएनएसएस के तहत निषेधाज्ञा भी लागू की गई थी।

हालांकि, प्रदर्शन के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर में विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने अनुमति की शर्तों और तय रूट का उल्लंघन करते हुए सिंगल तिराहे पर लगाए गए बैरिकेड्स को तोड़ दिया और पथराव किया। इस पथराव में कुछ पुलिसकर्मी और प्रदर्शनकारी घायल हो गए, जिसके परिणामस्वरूप पुलिस को स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।

जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी उकसावे या बहकावे में आकर शांति व्यवस्था को प्रभावित करने के प्रयासों को विफल करें। उन्होंने कहा कि नगर में स्थिति सामान्य है और प्रशासन द्वारा शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। एहतियात के तौर पर नगर में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया जा रहा है।

साभार

Total Hits/users- 30,52,000

TOTAL PAGEVIEWS- 79,15,245

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *