उत्तरकाशी में दर्दनाक हादसा: घर की दीवार गिरने से चार लोगों की मौत

मुख्यमंत्री धामी ने जताया गहरा शोक

उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के ओडाटा गांव में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। मोरा तोक स्थित गुजर बस्ती में एक आवासीय मकान की दीवार अचानक ढह गई, जिससे घर में सो रहे एक ही परिवार के चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनके दो मासूम बच्चे शामिल हैं। इस हृदय विदारक घटना से पूरे क्षेत्र में मातम पसर गया है।

रात करीब दो बजे गुलाम हुसैन के आवासीय मकान की दीवार अचानक ढह गई। जिससे घर में सो रहे परिवार के सदस्य मलबे में दब गए। इसमें मृतकों की पहचान गुलाम हुसैन (26 वर्ष) पुत्र अली अहमद, उनकी पत्नी रुकमा खातून (23 वर्ष), पुत्र आबिद (3 वर्ष) और 10 माह की पुत्री सलमा के रूप में हुई है।

इस हृदय विदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। सूचना मिलते ही तहसीलदार मोरी जब्बर सिंह असवाल, राजस्व उप निरीक्षक, एसडीआरएफ (राज्य आपदा प्रतिवादन बल) और पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।

तहसीलदार जब्बर सिंह असवाल ने घटना की पुष्टि की और बताया कि राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया था, लेकिन दुर्भाग्यवश चारों सदस्यों को बचाया नहीं जा सका। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दीवार गिरने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन क्षेत्र में हुई हालिया भारी बारिश या मकान की स्थिति को एक संभावित कारक के रूप में देखा जा रहा है। प्रशासन द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी के ओडाटा गांव में दीवार गिरने से चार लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत लोगों की आत्मा की शांति एवं परिजनों को असीम दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

(साभार)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *