पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 81वीं जयंती पर श्रद्धांजलि

‘राजीव गांधी ने युवाओं को दिखाई थी 21वीं सदी की राह ‘

अविकल उत्तराखंड

देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मंगलवार को भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की 81वीं जयंती पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि राजीव गांधी ने देश के युवाओं को पहली बार 21वीं सदी का सपना दिखाया और सूचना प्रौद्योगिकी क्रांति का उपहार दिया, जिसकी बदौलत आज भारत आईटी क्षेत्र में दुनिया में अग्रणी स्थान पर है।

धस्माना ने कहा कि प्रधानमंत्री रहते हुए राजीव गांधी ने युवाओं को 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार दिया और पंचायतों व निकायों में महिलाओं को आरक्षण देकर उनकी भागीदारी सुनिश्चित की। संविधान में 73वें और 74वें संशोधन को देश हमेशा उनके सुधारवादी कदमों के रूप में याद करेगा।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि राजीव गांधी एक युगदृष्टा नेता थे। उन्होंने अपने प्रधानमंत्रित्व काल में जो कार्य किए, उन्हें देश हमेशा याद रखेगा। उन्होंने राजीव गांधी के श्रीनगर दौरे से जुड़े संस्मरण भी साझा किए।

कार्यक्रम में महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला, अनुसूचित जाति विभाग अध्यक्ष मदन लाल, श्रम प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिनेश कौशल, प्रदेश महामंत्री गोदावरी थापली, जगदीश धीमान, मीडिया सलाहकार सरदार अमरजीत सिंह, प्रवक्ता सुजाता, डॉ. प्रतिमा सिंह सहित अनेक कांग्रेसजन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *