गंगा व अलकनन्दा तट के मंत्री प्रेम व धन सिंह पर चौतरफा प्रहार जारी
ऋषिकेश व श्रीनगर नगर निगम में भाजपा को मिल रही कड़ी टक्कर
ऋषिकेश में पहाड़ी बनाम बिहारी की जंग हुई तेज
अविकल थपलियाल
ऋषिकेश/श्रीनगर। अपने-अपने शहर को बेहतर व सुविधायुक्त बनाने के दावे के बीच भाजपा सरकार के दो वरिष्ठ मंत्री निकाय चुनाव में बुरी तरह फंस गए है।
गंगा किनारे बसे ऋषिकेश व श्रीनगर नगर निगम में बागी उम्मीदवारों ने भाजपा व कांग्रेस को कड़ी चुनौती पेश कर डाली है।
श्रीनगर से विधायक व मंत्री धन सिंह रावत को पार्टी के ही बागी उम्मीदवार आरती भंडारी के चुनाव प्रचार से कड़ी चुनौती मिल रही है।
आरती भंडारी के पति व हाल ही में भाजपा से निष्कासित लखपत भंडारी ने अपने बाणों का रुख भाजपा मंत्री धन सिंह रावत की ओर किया हुआ है। लखपत भण्डारी ने मंत्री धन सिंह पर अपने समर्थकों को डराने धमकाने के बजाय कई अन्य प्रकार के गम्भीर आरोप भी खुलकर लगा रहे हैं।

हालांकि, श्रीनगर नगर निगम में निवर्तमान मेयर पूनम तिवारी(अब निर्दलीय) व कांग्रेस उम्मीदवार भी मजबूती से चुनाव लड़ रही हैं। लेकिन आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति के केंद्र में भाजपा व बागी आरती भंडारी की ही चर्चा ज्यादा है।
इस बीच, कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत ने पार्टी उम्मीदवार के पक्ष में बोलते हुए लखपत भंडारी की पत्नी को 2-4 हजार मतों ही मिलने की बात कही। हरक सिंह ने कहा कि बागी आरती भंडारी को वोट देना अपने मत को खराब करना है।
उधर, भाजपा के बागी लखपत भंडारी के गम्भीर आरोपों के बाद कांग्रेस नेता गणेश गोदियाल ने वीडियो बयान जारी कर कैबिनेट मंत्री धनसिंह रावत को कठघरे में खड़ा किया है। पौड़ी बस हादसे के बाद खराब स्वास्थ्य व्यवस्था भी प्रमुख चुनावी मुद्दा बनकर उभर रहा है।

इधर, श्रीनगर नगर निगम में पार्टी प्रत्याशी की जीत के लिए मंत्री धन सिंह रावत ने दिन रात एक कर दिया है। अलकनन्दा नदी किनारे बसे श्रीनगर नगर निगम से उठ रहे बागी स्वर भाजपा के साथ कांग्रेस को भो बेचैन किये हुए हैं। हालांकि, भाजपा में जारी अंदरूनी जंग को कांग्रेस प्रत्याशी अपने हक में मान कर चल रहे हैं।
ऋषिकेश नगर निगम चुनाव-पहाड़ी बनाम बिहारी
गंगा किनारे बसे प्रसिद्ध तीर्थ स्थल ऋषिकेश में भाजपा के कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के लिए पार्टी प्रत्याशी शंभू पासवान को जिताने में ऐड़ी-चोटी का जोर लगाना पड़ रहा है।
लेकिन आरक्षित ऋषिकेश नगर निगम में कांग्रेस के बागी दिनेश चंद्र मास्टर ने भाजपा के पासवान व कांग्रेस प्रत्याशी दीपक जाटव को सीधी टक्कर दे डाली है।
हाल ही में अवैध पेड़ कटान के मामले में मंत्री पुत्र पीयूष अग्रवाल का नाम सामने आने के बाद भाजपा नेतृत्व असहज नजर आ रहा है। यही नहीं, लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी के एक गीत के साथ मंत्री प्रेमचंद का एक व्यक्ति को सरेआम पीटने के वीडियो भी चुनावी चर्चा बटोर रहा है।
ऋषिकेश नगर निगम चुनाव में कांग्रेस के बागी मास्टर दिनेश चंद्र के समर्थन में लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी व बॉबी पंवार भी जुटे हुए हैं।
उधर,भाजपा प्रत्याशी शंभू पासवान के समर्थन में लगे नारे-एक बिहारी सभी पर भारी के जवाब में मास्टर समर्थक भी खुलकर मैदान में उतर आए हैं। मास्टर समर्थक भी ‘एक पहाड़ी सब पर भारी’ का नारा बुलन्द किये हुए हैं।
ऋषिकेश नगर निगम की निवर्तमान मेयर अनिता ममगाईं और मंत्री प्रेमचंद के बीच जारी खटास को कांग्रेस उम्मीदवार दीपक जाटव व मास्टर जी के समर्थक अपने अपने हक में बता रहे हैं।
आरोप-प्रत्यारोप की जंग में कांग्रेस व मास्टर जी के समर्थक शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के फैसलों को भी निशाना बना रहे हैं।
श्रीनगर नगर निगम में पौड़ी बस दुर्घटना और ऋषिकेश नगर निगम में अवैध पेड़ कटान समेत जनप्रतिनिधियों के प्रति नाराजगी को कांग्रेस व बागी उम्मीदवार मतदाताओं के बीच खुलकर बोल रहे हैं।
बहरहाल, अलकनन्दा / गंगा किनारे बसे श्रीनगर व ऋषिकेश नगर निगम के मतदाता 23 जनवरी को कैबिनेट मंत्री धन सिंह व प्रेमचंद का भी इम्तहान लेंगे।