विज्ञान, पर्यावरण और स्वरोजगार के क्षेत्रों में साझा कार्ययोजना पर बनी सहमति
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। अरुणाचल प्रदेश राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (APSCS&T), ईटानगर के चेयरमैन एवं पूर्व मंत्री डॉ. टागे टेकी और निदेशक व सदस्य सचिव इंजीनियर सी.डी. मुंग्याक ने उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (UCOST), देहरादून का दौरा किया। इस अवसर पर दोनों राज्यों के बीच विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में सहयोग को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत ने परिषद की प्रमुख गतिविधियों जैसे ‘लैब ऑन व्हील’, STEM शिक्षा, साइंस सिटी परियोजना, जिला विज्ञान केंद्रों, जैव विविधता पार्क, हाइड्रोपोनिक सिस्टम, विज्ञान रेडियो और AI लैब की जानकारी दी। आपदा प्रबंधन पर प्रस्तावित वर्ल्ड समिट पर भी चर्चा की गई।

यूकॉस्ट के संयुक्त निदेशक डॉ. डी.पी. उनियाल ने परिषद की गतिविधियों पर एक पॉवर प्वाइंट प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया। डॉ. टेकी और इंजीनियर मुंग्याक ने यूकॉस्ट के वैज्ञानिकों और स्टाफ से संवाद करते हुए विभिन्न परियोजनाओं और प्रयोगशालाओं का निरीक्षण भी किया।
अरुणाचल प्रतिनिधियों ने कहा कि दोनों राज्यों के बीच जलवायु परिवर्तन, पर्यावरणीय चुनौतियों और स्वरोजगार जैसे विषयों पर विज्ञान आधारित समाधान के लिए संयुक्त कार्ययोजना तैयार की जाएगी। यह दौरा हिमालयी राज्यों के बीच वैज्ञानिक और तकनीकी सहयोग को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

