वरिष्ठ नेताओं के बीच जमी बर्फ पिघली
राजभवन कूच में उमड़े हजारों कांग्रेसियों ने भाजपा को दिखाई ताकत
जोशीले नारों के बीच 2027 की जीत का लिया संकल्प
अविकल थपलियाल
देहरादून। प्रदेश में बिगड़ती कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी, भर्ती घोटालों और महंगाई के मुद्दे को लेकर हजारों उत्साही कांग्रेसियों के राजभवन कूच से राजनीतिक तापमान कई गुना बढ़ गया।
सोमवार की सुबह ऐतिहासिक परेड ग्राउंड में उमड़े कांग्रेसियों के सैलाब ने 2027 के विधानसभा चुनाव की ठोस तैयारी पर भी मुहर लगा दी। सोमवार के राजभवन कूच में कांग्रेस की मेहनत सड़कों पर खूब झलकी।
आज के राजभवन कूच में प्रभारी शैलजा की मौजूदगी में सभी वरिष्ठ नेता एकसाथ खड़े नजर आए। और जोशीले अंदाज में भाजपा की कमियों को गिनाते हुए 2027 में विजयश्री हासिल करने का संकल्प लिया।
प्रदेश के 13 जिलों से परेड ग्राउंड में एकत्रित हुए कांग्रेसियों ने लगभग 4 किमी लम्बे कूच के दौरान भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए।

कांग्रेस की चुनावी टीम बनने के बाद गोदियाल के नेतृत्व में यह पहला बड़ा राजनीतिक कार्यक्रम था। इस कूच में वक्ताओं ने कानून व्यवस्था, भ्र्ष्टाचार व महंगाई के अलावा अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच पर भी खूब सवाल उठाए।
16 फरवरी के राजभवन कूच से कांग्रेस कर नेताओं के बीच ऊपरी तौर पर एकजुटता की विशेष छाया नजर आयी। इसी एकजुटता के संकल्प के साथ कांग्रेस अगला बड़ा प्रदर्शन कुमाऊं में करेगी।
गौरतलब है कि लगभग तीन महीने पहले नवंबर माह में कांग्रेस हाईकमान ने गणेश गोदियाल-हरक व प्रीतम सिंह को विधानसभा चुनाव की कमान सौंपते हुए भाजपा को सचेत कर दिया था।
इधऱ, गोदियाल के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के बाद पार्टी खेमे में विशेष उत्साह भो देखा जा रहा है। कूच के बाद शैलजा ने सभी नेताओं को बधाई देते हुए पीठ भी थपथपाई।
लंबे समय बाद वरिष्ठ नेताओं के बीच पिघली बर्फ से उभरे संदेशों ने भाजपा खेमे को भी चिंता में डाल दिया है। अब केंद्रीय भाजपा नेतृत्व के सामने प्रदेश नेताओं के बीच समन्वय बनाना काफी चुनौतीपूर्ण हो गया।

प्रदेश सरकार पर कई गंभीर आरोप
सोमवार की सुबह से ही परेड ग्राउंड में हजारों कार्यकर्ता जुटने लगे और सभा के बाद जुलूस निकालते हुए राजभवन देहरादून की ओर कूच किया। पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर प्रदेश सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए।
हाथीबड़कला के समीप बैरिकेडिंग में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ काफी देर तक धक्का मुक्की होती रही। बाद में कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर पुलिस लाइन ले जाया गया। बाद में सभी गिरफ्तार कांग्रेसियों को रिहा कर दिया गया।
इससे पूर्व, परेड ग्राउंड में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में निकले मार्च में अलका लांबा, प्रभारी शैलजा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, विधायक प्रीतम सिंह, हरक सिंह रावत, ज्योति रौतेला समेत पार्टी विधायक, पूर्व मंत्री व विधायक मौजूद रहे।

नेताओं ने कहा कि प्रदेश में लगातार हो रही हत्या, लूट, महिलाओं पर अपराध और नशे के बढ़ते मामलों से आम जनता में भय का माहौल है। गणेश गोदियाल एवं प्रीतम सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता जिस उत्साह से हजारों की संख्या में भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों का विरोध करने के लिए देहरादून के परेड ग्राउंड में एकजुट हुए उससे आने वाले समय में पार्टी संगठन को निश्चित रूप से मजबूती मिलेगी तथा हम और अधिक ताकत से भाजपा सरकारों की जन विरोधी नीतियों तथा अलोकतांत्रिक हिटलरशाही का जवाब देने के लिए तत्पर रहेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के कोने-कोने से हजारों की सुख्या में पहुंचकर ऐतिहासिक राजभवन घेराव कर भाजपा की धामी सरकार के ताबूत में अंतिम कील ठोकी है।
गणेश गोदियाल ने राजभवन घेराव कार्यक्रम में प्रदेश के कोने-कोने से हजारों की संख्या में आये कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस ऐतिहासिक कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार की जड़ों को हिलाने का काम कर दिया है और आने वाले 2027 के विधानसभा चुनाव में निश्चित रूप से इसका लाभ कांग्रेस पार्टी को मिलेगा और जनता भाजपा सरकार की तानाशाही, जनविरोधी नीतियों और कुशासन से निजात पायेगी।

सभा को संबोधित करते हुए करन माहरा ने कहा कि सरकार कानून-व्यवस्था संभालने में पूरी तरह विफल रही है। बेरोजगार युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा, भर्ती परीक्षाओं में लगातार घोटाले सामने आ रहे हैं और महंगाई से आम जनता त्रस्त है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने जनता की समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया तो कांग्रेस जिला और ब्लॉक स्तर पर आंदोलन तेज करेगी। हरीश रावत ने कहा कि प्रदेश में विकास की गति थम गई है और युवाओं का पलायन बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि किसानों को फसल का उचित दाम नहीं मिल रहा, छोटे व्यापारी मंदी से जूझ रहे हैं और पर्यटन उद्योग भी अपेक्षित सहयोग न मिलने से प्रभावित है। यशपाल आर्य ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सबसे बड़ी चिंता का विषय है और अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
जुलूस जब हाथी बड़कला क्षेत्र में पहुंचा तो पुलिस ने बैरिकेडिंग कर दी। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा। बाद में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को आगे बढऩे की अनुमति दी गई और उन्होंने राजभवन में ज्ञापन सौंपा। पुलिस ने बताया कि सुरक्षा के लिए कई थानों की फोर्स तैनात की गई थी और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही।
कांग्रेस की प्रमुख मांगें
- गंभीर अपराधों की समयबद्ध जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई
- भर्ती घोटालों की निष्पक्ष जांच और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया
- बेरोजगार युवाओं के लिए विशेष रोजगार पैकेज
- महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष अभियान
- महंगाई नियंत्रण और किसानों के लिए राहत पैकेज

प्रदर्शन की झलक
सुबह से गढ़वाल और कुमाऊं के विभिन्न जिलों से कार्यकर्ता बसों और निजी वाहनों से पहुंचे। महिला कांग्रेस और युवा कांग्रेस की भी बड़ी भागीदारी रही। हाथों में बैनर और झंडे लेकर कार्यकर्ताओं ने नारे लगाए और सरकार से जवाब मांगा।
राजनीतिक मायने
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राजधानी में कांग्रेस का यह बड़ा शक्ति प्रदर्शन आगामी चुनावी रणनीति का संकेत है। पार्टी पिछले कुछ समय से कानून-व्यवस्था और रोजगार के मुद्दे को प्रमुख एजेंडा बनाकर सरकार को घेर रही है। आने वाले महीनों में कांग्रेस जिला स्तर पर जनसभाएं और आंदोलन करने की तैयारी में है।

