जंगली जानवरों के खतरे के बीच सांसद बलूनी के दौरे पर निगाहें

गोदियाल-हरक के प्रहार और बलूनी के दौरे से गरमाई राजनीति

घायल व्यक्तियों के इलाज का पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी-सीएम

भाजपा का “जनसंवाद से जनसमाधान” अभियान शुरू

सांसद नेलैंसडाउन से जाखणीखाल तक जनसंवाद

शौर्यभूमि लैंसडाउन में शहीदों को नमन, यमकेश्वर में व्यापक जनसंवाद

अविकल उत्तराखण्ड

लैंसडाउन। 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल व हरक सिंह के तूफानी बयान व क्षेत्र भ्रमण के जवाब में भाजपा सांसद अनिल बलूनी ने अपने संसदीय क्षेत्र में जनसंवाद अभियान का श्रीगणेश कर दिया।

अन्य मुद्दों के अलावा जंगली जानवरों के हमले से आक्रोशित ग्रामीण और कांग्रेस के हमलों के बाद भाजपा में विशेष सक्रियता देखी जा रही है।

गढ़वाल के एक बड़े हिस्से में गुलदार व भालू के आतंक के बाद ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया है। इस मुद्दे पर सीएम धामी व प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी उचित उपाय करने की बात कही है।

वन्य जीव हमले पर अहम बैठक

शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य सचिव व  प्रमुख सचिव वन के साथ बैठक कर वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि भालुओं तथा अन्य वन्यजीवों के हमलों में घायल व्यक्तियों के उपचार का पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक घायल को समय पर तथा समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि उपचार में किसी भी प्रकार की देरी न हो और आवश्यक संसाधन तत्काल उपलब्ध कराए जाएँ।

यह उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार द्वारा वन्यजीव हमलों में मृतकों के परिजनों को प्रदत्त मुआवजा राशि 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दी गई है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के साथ-साथ प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा एवं जागरूकता उपायों को भी सुदृढ़ किया जाए।

सांसद बलूनी का गढ़वाल भ्रमण

इधऱ, शनिवार को गढ़वाल लोकसभा सांसद एवं राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी ने जनसंवाद अभियान को गति देते हुए शौर्यभूमि लैंसडाउन (गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंट मुख्यालय) में शहीदों को नमन किया।

यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र के विकासखण्ड द्वारीखाल, चेलुसैण बाजार (सरदार@150 यूनिटी मार्च), सिलोगी बाजार, गढ़वाल लोकसभा के जाखणीखाल मण्डल तथा यमकेश्वर विधानसभा के पौखाल मण्डल में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में जनता से संवाद एवं संपर्क किया।

अपने दौरे की शुरुआत लैंसडाउन स्थित गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंट मुख्यालय एवं ऐतिहासिक सैन्य छावनी से करते हुए  बलूनी ने प्रथम एवं द्वितीय विश्व युद्ध तथा स्वतंत्रता के बाद के युद्धों में अदम्य शौर्य और बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

उन्होंने कहा कि गढ़वाल रेजिमेंट की गौरवशाली परंपरा, अनुशासन और बलिदान की भावना देश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

इसके पश्चात द्वारीखाल, सिलोगी व पौखाल में जनता से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का आश्वासन दिया।

चेलूसैंण  में आयोजित ‘सरदार@150 यूनिटी मार्च’ में सहभाग कर सरदार पटेल  के “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। जाखणीखाल में कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा की गई।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गढ़वाल की जागरूक जनता का अट्टूट विश्वास व समर्पण, सीमाओं पर डटे हमारे वीर सैनिकों का शौर्य और संगठन के समर्पित कार्यकर्ताओं की ऊर्जा ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सशक्त, निर्णायक और दूरदर्शी नेतृत्व में आज देश ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की ओर तेज़ी से अग्रसर है और उसी विज़न को धरातल पर उतारते हुए वे “विकसित गढ़वाल” के निर्माण के लिए हर स्तर पर संघर्ष, संवाद और विकास के कार्यों को आगे बढ़ा रहे हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि हमारी सरकार का हर कदम जनहित, राष्ट्रहित और युवाओं के भविष्य को समर्पित है तथा “जनसंवाद से जनसमाधान” का यह अभियान तब तक निरंतर जारी रहेगा जब तक गढ़वाल का हर गांव, हर क्षेत्र और हर परिवार विकास की मुख्यधारा से पूरी तरह नहीं जुड़ जाता।

कांग्रेस के हमले हुए तेज

जंगली जानवरों के बेतहाशा हमलों की खबरों के बीच कांग्रेस ने राजनीतिक हमलों की धार बढ़ा दी है। गोदियाल देहरादून में वन मुख्यालय के घेराव कर चेतावनी दे चुके हैं।

इस मुद्दे पर भाजपा सांसद बलूनी के जारी दौरे के बीच जंगली जानवरों के खतरे और जनहित से जुड़े अन्य मुद्दे उठने की पूरी संभावना है।

कांग्रेस नेता गणेश गोदियाल और हरक सिंह राज्य सरकार के साथ भाजपा सांसद को भी निशाने पर लेने के पूरे मूड में दिख रही है।

पूर्व में कांग्रेस नेता भाजपा सांसद अनिल बलूनी के संसदीय क्षेत्र पर पर्याप्त समय नहीं देने का आरोप लगाती रहे हैं। बलूनी के मौजूदा दौरे को लेकर कांग्रेस विशेष रूप से सतर्क रहते हुए उन्हें घेरने की कोशिश में भी जुटी हुई है।

गौरतलब है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में पौड़ी संसदीय सीट पर गणेश गोदियाल चुनावी संग्राम को रोचक मोड़ पर ले गए थे। हार के वावजूद पौड़ी की जंग ने राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियां बटोरी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *