गंगा किनारे धामी सरकार व संगठन का तापमान मापेंगे अमित शाह
सात मार्च को हरिद्वार में कई पहलुओं की करेंगे परख
सीएम धामी ने कार्यक्रम स्थल का किया स्थलीय निरीक्षण
अविकल उत्तराखण्ड
हरिद्वार। होली के रंगों व गीतों की थाप के बीच धामी सरकार आजकल एक और मोर्चे पर बहुत बिजी है। गृह मंत्री अमित शाह होली के ठीक बाद हरिद्वार आ रहे हैं।
गैरसैंण के 9 मार्च के बजट सत्र से 48 घण्टे पहले अमित शाह के धर्मनगरी हरिद्वार के तूफानी दौरे ने राजनीतिक हलकों की बेचैनी बढ़ाई हुई है।
बीते एक हफ्ते में सीएम धामी तीन बार हरिद्वार जाकर जारी तैयारियों को परख चुके हैं। मंगलवार को भी पूरे लाव लश्कर के साथ कार्यक्रम से जुड़े बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की।
गृह मंत्री अमित शाह उत्तराखण्ड की धामी सरकार के चार साल के कार्यों का रिपोर्ट कार्ड की समीक्षा करेंगे। इस दौरान विभिन्न मंत्रियों से जुड़े विभागों के कार्यों की भी समीक्षा की जाएगी।
होली की व्यस्तता के बीच सरकार, शासन व संगठन मिलकर विभागों का रिपोर्ट कार्ड तैयार कर रहे हैं। सात मार्च को हरिद्वार के बैरागी कैम्प में भाजपा की प्रदेश सरकार गृह मंत्री के समक्ष विकास योजनाओं और उपलब्धियों का खाका पेश करेगी।

गौरतलब है कि 14 फरवरी को जॉलीग्रांट में भाजपा कोर कमेटी की बैठक में शिरकत कर हाईकमान को फीडबैक दे चुके हैं।
इस बीच, पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत व भाजपा विधायक अरविंद पांडे के विभिन्न ‘मूव’ व बयान को कांग्रेस पार्टी प्रमुखता से हथियार बनाती रही है।
कांग्रेस के 16 फरवरी के सफल राजभवन कूच के बाद 2027 चुनाव की जंग भी तेज हो गयी है। कांग्रेस ने सड़क पर प्रदर्शन के अलावा बूथ लेवल एजेंट बनाने में भी भाजपा को पीछे छोड़ ठोस चुनावी तैयारी की झलक भी दिखा दी है। इन बिंदुओं पर भाजपा संगठन का ढीलापन भी चिंता का विषय बना हुआ है। चुनाव जीतने के लिए शाह का मुख्य फोकस बूथ लेवल एजेंट पर ही रहता है।
इधऱ, सीएम धामी के पूरे प्रदेश में ताबड़तोड़ दौरे जारी है। जन-जन के द्वार कार्यक्रम के साथ विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास की रफ्तार भी बराबर बनी हुई है। जबकि कांग्रेस व अन्य विपक्षी दल सड़कों पर उतरे हुए हैं।
गृह मंत्री अमित शाह सरकार के विभिन्न विभागों के रिपोर्ट कार्ड के आंकलन के अलावा संगठन को दिए गए कार्यकमों की प्रगति का भी लेखा जोखा लेंगे।
सात मार्च को सरकार व संगठन का तापमान मापने के बाद पार्टी हाईकमान के आवश्यक संशोधन व बदलाव का एक खाका तैयार करने की भी सम्भावना है।
हरिद्वार प्रवास के दौरान अमित शाह विभिन्न बिंदुओं का फीड बैक लेने के बाद दिल्ली लौट जाएंगे। शाह के बाद पीएम मोदी धामी सरकार के चार साल के मौके पर देहरादून आ कर 2027 का चुनावी बिगुल फूंकेंगे।
सीएम धामी ने हरिद्वार में लिया जायजा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को हरिद्वार स्थित बैरागी कैंप में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के 7 मार्च 2026 को प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री का उत्तराखण्ड आगमन राज्य के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित, सुरक्षित और समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित की जाएं।
मंच, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता और यातायात प्रबंधन सहित सभी बिंदुओं की गहन समीक्षा की गई।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। पुलिस और प्रशासन आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
कार्यक्रम में आने वाले आमजन की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। चिकित्सा सुविधा, आपातकालीन सेवाएं और अग्निशमन व्यवस्था पूरी तरह तैयार रखने को भी कहा गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के कार्यक्रमों में अनुशासन, पारदर्शिता और सुचारू संचालन सर्वोपरि है। सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाएं।
यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पुलिस को विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। शहर में जाम की स्थिति न बने और यातायात सुचारू रहे, इसका विशेष ध्यान रखने को कहा गया ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त गढ़वाल विनय शंकर पाण्डे और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने तैयारियों की जानकारी दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने यातायात और पार्किंग व्यवस्था की रूपरेखा प्रस्तुत की।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष किरन चौधरी, मेयर हरिद्वार किरन जैसल, विधायक मदन कौशिक, आदेश चौहान, प्रदीप बत्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल राजीव स्वरूप, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, एमडी सिडकुल सौरव गैहरवार, मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Pls clik
विश्व के बाल लेखकों का लेखक गाँव में सम्मान
डीएम जनदर्शन – गैरहाजिर इंजीनियर का वेतन रोका

