धामी के नेतृत्व में राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप आगे बढ़ रहा है उत्तराखण्ड
जनता झूठ और भ्रम की राजनीति करने वालों को नकार रही धामी
अविकल उत्तराखण्ड
देहरादून। भाजपा की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने कार्यकर्ताओं से “बूथ जीता, चुनाव जीता” के मूलमंत्र के साथ आगामी चुनावों की तैयारी में जुटने का आह्वान किया।
लंबे समय बाद दून में नजर आए प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को चार वर्ष का कार्यकाल पूरा करने वाले पार्टी के पहले मुख्यमंत्री बनने पर बधाई देते हुए कहा कि वे आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप राज्य का निर्माण कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि धामी न केवल जनता का विश्वास जीत रहे हैं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संकल्प के अनुरूप “उत्तराखंड का दशक” बनाने के लिए भी पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रहे हैं।
देहरादून के कुआंवाला स्थित एक निजी संस्थान में आयोजित बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ की उपस्थिति में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट सहित सांसद, विधायक, पूर्व विधायक और प्रदेश पदाधिकारी शामिल हुए।
मुख्य वक्ता के रूप में अपने संबोधन में तरुण चुघ ने कहा कि देशभर की तरह प्रदेश में भी पार्टी का प्रशिक्षण अभियान जारी है और इसमें बूथ स्तर को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए सभी कार्यकर्ताओं का एक ही लक्ष्य होना चाहिए—“बूथ जीता, चुनाव जीता”। उन्होंने कहा कि पार्टी को राजनीतिक क्षेत्र में अजर-अमर बनाने की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं की है।
इसी क्रम में मजबूत संगठन के साथ चुनावी दृष्टि से सक्रिय और सक्षम बीएलए-1 तथा बीएलए-2 की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने संतोष जताया कि उत्तराखंड में शत-प्रतिशत बीएलए-1 नियुक्त हो चुके हैं और जल्द ही सभी बीएलए-2 भी नियुक्त कर दिए जाएंगे।
इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को चार वर्ष का कार्यकाल पूरा करने पर बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि धामी जनता का विश्वास जीतने के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “उत्तराखंड का दशक” के संकल्प को साकार करने के लिए पूरी ऊर्जा से कार्य कर रहे हैं।
उनके नेतृत्व में आपदाओं का समाधान निकालते हुए राज्य आज विकसित भारत के मिशन में अग्रणी राज्यों में शामिल हो रहा है। उन्होंने वर्तमान विधानसभा सत्र में पार्टी विधायकों की कार्यशैली की भी सराहना करते हुए कहा कि उनका उत्साह और तैयारी नए उत्तराखंड के निर्माण की दिशा में सकारात्मक संकेत है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जनता भाजपा की राष्ट्रवादी एवं सांस्कृतिक विचारधारा के साथ खड़ी है और उसे केंद्र तथा राज्य की डबल इंजन सरकार के कार्यों पर पूरा भरोसा है।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग आपातकाल लगाने और अनेक लोकतांत्रिक मूल्यों को आघात पहुंचाने के दोषी रहे हैं, वही आज संवैधानिक संस्थाओं और प्रक्रियाओं पर सवाल उठा रहे हैं। कभी वे न्यायाधीशों पर महाभियोग लाने की बात करते हैं, कभी लोकसभा अध्यक्ष और अब मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाते हैं।
उन्होंने कहा कि जो लोग अपने ऊपर सीबीआई जांच का विरोध करते हैं, वही राज्य में बार-बार राजनीतिक कारणों से सीबीआई जांच की मांग करते हैं। देशभर के चुनावी परिणामों से स्पष्ट है कि जनता झूठ और भ्रम की राजनीति करने वालों को नकार रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सभी संवैधानिक प्रक्रियाओं में सहयोग करते हुए मजबूत और स्वस्थ लोकतंत्र के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र में जनादेश का विशेष महत्व होता है और इसके लिए कार्यकर्ता निर्माण से लेकर चुनावी रणनीति तक सभी पहलू अहम होते हैं। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में संगठन इतनी मजबूत स्थिति में है कि कार्यकर्ताओं के सामर्थ्य के आधार पर विश्वासपूर्वक कहा जा सकता है कि भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी।
इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को कमल चुनाव चिन्ह और “भारत माता की जय” के संकल्प के साथ आगे बढ़ना होगा।
प्रदेश महामंत्री अजेय कुमार ने संगठन की विभिन्न गतिविधियों और कार्ययोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने बताया कि किस प्रकार सहयोगात्मक भूमिका निभाते हुए संवैधानिक प्रक्रियाओं में जनता की भागीदारी बढ़ाई जा सकती है। उन्होंने सभी जिला अध्यक्षों को शीघ्र संगठनात्मक ढांचा शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में राज्यसभा सांसद एवं राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष नरेश बंसल, पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, सौरभ बहुगुणा, रेखा आर्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक बंशीधर भगत, मदन कौशिक, राजकुमार पोरी, राम सिंह कैड़ा, सरिता आर्य, सविता कपूर, विनोद चमोली, प्रदीप बत्रा, विनोद कंडारी, महंत दिलीप रावत, दुर्गेश्वर लाल सहित कई विधायक उपस्थित रहे।

इसके अतिरिक्त प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल, कुंदन परिहार, दीप्ति रावत, प्रदेश कार्यालय सचिव जगमोहन रावत, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान समेत प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, सह प्रभारी और नवनियुक्त बीएलओ भी मौजूद रहे।
Pls clik
कांग्रेस ने कहा, सरकारी जमीनों को किया जा रहा खुर्द बुर्द
भाजपा ने नेता विपक्ष आर्य के आरोपों को किया खारिज
श्री झण्डे जी पर दर्शन मनौतियों के लिए अब लगा दूनवासियों का तांता

