जनदर्शन में डीएम सख्त
वरिष्ठ नागरिकों के मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश
अविकल उत्तराखण्ड
देहरादून।जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ऋषिपर्णा सभागार में जनदर्शन/जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भूमि विवाद, सीमांकन, अवैध कब्जा, पारिवारिक उत्पीड़न, आर्थिक सहायता, फीस माफी और उपचार से संबंधित कुल 92 शिकायतें दर्ज की गईं। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
एचडीसी कॉलोनी निवासी 80 वर्षीय एल.एन. नौटियाल ने सीवर लाइन धंसने, सड़क क्षतिग्रस्त होने और जलभराव की समस्या उठाई। कई स्तरों पर शिकायत के बावजूद समाधान न होने पर उन्होंने जनदर्शन में अपनी पीड़ा रखी। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से स्पष्टीकरण तलब किया। जनदर्शन में अनुपस्थित पाए जाने पर उनके एक दिन के वेतन आहरण पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए। एडीएम को जांच कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।
मोथरोवाला निवासी बुजुर्ग दंपत्ति ने न्यायालय के आदेश के बावजूद घर खाली न करने और उत्पीड़न की शिकायत की। जिलाधिकारी ने एसडीएम सदर को त्वरित कार्रवाई कर एक्शन टेकन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। राजीव नगर निवासी वृद्धा मंजू देवी की शिकायत पर भरण-पोषण अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
अजबपुर कलां निवासी विधवा सीमा उनियाल के मामले में तहसीलदार को स्थलीय जांच के आदेश दिए गए। डोईवाला निवासी मीना क्षेत्री की शिकायत पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को सीनियर सिटीजन एक्ट के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही बुजुर्ग महिला को सुरक्षित घर पहुंचाने के लिए सारथी वाहन की व्यवस्था भी कराई गई।

लख्खीबाग निवासी मौ. यासीन द्वारा पुत्र की फीस माफी की प्रार्थना पर जिला शिक्षा अधिकारी को संबंधित विद्यालय से समन्वय स्थापित कर नियमानुसार राहत दिलाने के निर्देश दिए गए, ताकि आर्थिक अभाव के कारण बच्चे की शिक्षा प्रभावित न हो।
तिपरपुर परगना निवासी बाला देवी की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत पर तहसीलदार को स्थलीय निरीक्षण कर निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए गए।
मोथरोवाला निवासी नरेन्द्र नाथ ने दुर्घटना में घायल पुत्र के उपचार हेतु आर्थिक सहायता की गुहार लगाई। आयुष्मान कार्ड के क्रियाशील न होने की शिकायत पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को उसी दिन स्थिति स्पष्ट कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
मोहकमपुर-लोअर नत्थनपुर एवं नेहरूग्राम क्षेत्र की जर्जर सड़कों, झुके विद्युत पोल, झूलती तारों, फ्लाईओवर के नीचे गंदगी और अतिक्रमण की शिकायत पर लोक निर्माण विभाग को 10 मार्च तक विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
केदारपुरम कॉलोनी स्थित चक डांडा लखौंड क्षेत्र में सरकारी भूमि पर तारबाड़ कर अतिक्रमण की शिकायत पर एसडीएम सदर को राजस्व अभिलेखों का परीक्षण कर 15 मार्च तक स्पष्ट आख्या देने को कहा गया।
देहरादून से डोईवाला, भानियावाला, रानीपोखरी और भोगपुर होते हुए थानों तक स्मार्ट सिटी अथवा इलेक्ट्रिक बस सेवा प्रारंभ न होने के मामले में संबंधित प्रबंधन से 17 मार्च तक कारण सहित विस्तृत रिपोर्ट तलब की गई है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनसुविधाओं से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जनदर्शन में अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) केके मिश्रा, एसडीएम विनोद कुमार, एसडीएम कुमकुम जोशी, एसडीएम अपूर्वा सिंह, एसडीएम अपर्णा ढौडियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

