सीएम आवास में उड़ा अबीर गुलाल, पहाड़ी भोजन की भी रही रंगत

सीएम ने होली की ढोलक बजायी और थिरके होल्यारों की थाप पर

मुख्यमंत्री आवास में होली मिलन कार्यक्रम का भव्य आयोजन

सीएम आवास में दिखे उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति के विविध रंग

अविकल थपलियाल

देहरादून। सीएम आवास में होल्यारों की थाप के बीच होली के खूब रंग उड़े। सुबह 10 बजे से ही सीएम आवास में होल्यारों की कई टोलियों ने खूब रंग जमाया। होली के रसभरे गीतों के बीच  कांजी, कॉफी, कोल्डड्रिंक के स्वाद के बीच तोर की दाल, भात और लजीज पहाड़ी भोजन विशेष आकर्षण का केंद्र बनी।

सीएम आवास में मंत्री भी आये। भाजपा के कई नेता और पार्टी कार्यकर्ताओं ने सीएम का सपत्नीक अबीर गुलाल से स्वागत किया। ढोल की थाप के बीच सीएम भी होली के गीतों की धुन के बीच थिरके।

होल्यारों से फुर्सत पाकर सीएम धामी ने पूर्व सीएम भगत सिंह कोश्यारी, हरीश रावत व त्रिवेंद्र रावत के आवास ओर जाकर होली का टीका लगाया।

मुख्यमंत्री आवास में आज उत्तराखण्ड की समृद्ध संस्कृति के रंगों के साथ भव्य होली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व प्रेम, सौहार्द और एकता का प्रतीक है, जो समाज में सांस्कृतिक एकता और समरसता को सुदृढ़ करता है।

कार्यक्रम में मंत्रीगणों, विधायकों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए गणमान्य लोगों ने मुख्यमंत्री से भेंट कर उन्हें होली की शुभकामनाएं दीं। नव निर्वाचित मेयर सौरभ थपलियाल, आंदोलनकारी रविंद्र जुगरान,राजीव तलवार के अलावा कई अन्य विशिष्टजन भी होली के रंग में रंगे।

इस अवसर पर उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के विविध रंग दिखाई दिए। गढ़वाल, कुमाऊं, जौनसार, थारू सहित विभिन्न क्षेत्रों के कलाकारों ने अपनी-अपनी परंपराओं के अनुसार मनाई जाने वाली होली का शानदार प्रदर्शन किया। पारंपरिक होली गायन, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने और उसे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि वे होली के इस पावन पर्व को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं और समाज में प्रेम, भाईचारे एवं शांति का संदेश दें।

कार्यक्रम में शामिल सभी अतिथियों ने मुख्यमंत्री के साथ मिलकर रंग-गुलाल खेला और एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से देहरादून स्थित उनके आवास में मुलाकात कर होली की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल श्री भगत सिंह कोश्यारी से देहरादून स्थित उनके आवास में मुलाकात कर होली की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को पूर्व मुख्यमंत्री श्री हरीश रावत से देहरादून स्थित उनके आवास में मुलाकात कर होली की शुभकामनाएं दीं।

Total Hits/users- 30,52,000

TOTAL PAGEVIEWS- 79,15,245

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

FacebookTelegramTwitterWhatsAppShare