पीसी ध्यानी को पिटकुल एमडी के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त किया

हाईकोर्ट की सख्ती के बाद पिटकुल में बदलाव

अपर सचिव मेहरबान बिष्ट को एमडी का चार्ज

अविकल उत्तराखण्ड

देहरादून। हाईकोर्ट की सख्ती के बाद शासन ने पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड (पिटकुल) के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे पीसी ध्यानी को पद से मुक्त कर दिया है। यह कार्रवाई न्यायालय की सख्ती और अवमानना याचिका पर सुनवाई के बाद की गई।

नए आदेश के अनुसार विभाग के अपर सचिव मेहरबान सिंह बिष्ट को पिटकुल के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। यह व्यवस्था नियमित नियुक्ति या शासन के अगले आदेश तक अस्थायी रूप से प्रभावी रहेगी।

मामला गैर-इंजीनियर अधिकारी को ऊर्जा निगम के शीर्ष पद पर जिम्मेदारी दिए जाने से जुड़ा था। इस संबंध में दायर याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए उत्तराखंड उच्च न्यायालय ने स्पष्ट किया था कि नियमानुसार प्रबंध निदेशक पद पर नियुक्ति की जानी चाहिए। अदालत ने अतिरिक्त प्रभार समाप्त करने के निर्देश दिए थे।

बताया गया कि 10 सितंबर 2022 को पिटकुल में निदेशक (मानव संसाधन) के पद पर तैनात पीसी ध्यानी को प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया था। वे लगभग तीन वर्षों से दोनों दायित्व निभा रहे थे। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में शासन ने उन्हें अतिरिक्त प्रभार से कार्यमुक्त कर दिया है।

उधर, ऊर्जा निगमों में शीर्ष पदों की नियुक्ति को लेकर राज्य सरकार नियमों में संशोधन की तैयारी में भी बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार प्रबंध निदेशक पद के लिए इंजीनियरिंग पृष्ठभूमि की अनिवार्यता संबंधी प्रावधान में बदलाव का प्रस्ताव कैबिनेट के समक्ष लाया जा सकता है।

कार्यालय ज्ञाप
संबंध
वर्ल
ऊर्जा अनुभाग-2, उत्तराखण्ड शासन के कार्यालय आदेश संख्या-1084/1(2)/2022-05-15/2021, दिनांक 10 सितम्बर, 2022 के द्वारा श्री प्रकाश चन्द्र ध्यानी, निदेशक (मा०सं०), पिटकुल को पावर ट्रान्समिशन कारपोरेशन ऑफ उत्तराखण्ड लि० में उनके उक्त पद के अतिरिक्त प्रबन्ध निदेशक, पिटकुल का अतिरिक्त कार्यभार शासकीय कार्यहित में नितान्त अस्थाई व्यवस्था के तहत, नवीन नियुक्ति होने अथवा शासन के अग्रिम आदेशों तक प्रदान किया गया था।
2-शासन के उक्त कार्यालय आदेश दिनांक 10 सितम्बर, 2022 को अतिक्रमित करते हुए श्री प्रकाश चन्द्र ध्यानी को प्रबन्ध निदेशक, पिटकुल के अतिरिक्त कार्यभार से कार्यमुक्त किया जाता है एवं एतद्वारा प्रबन्ध निदेशक एवं निदेशकों के चयन एवं नियुक्ति हेतु प्रक्रिया निर्धारण नियमावली, 2021 के नियम-12 के प्रावधानानुसार श्री मेहरबान सिंह बिष्ट (आई०ए०एस०), अपर सचिव, ऊर्जा विभाग, उत्तराखण्ड शासन को शासकीय कार्यहित में नितान्त अस्थाई व्यवस्था के तहत, नवीन नियुक्ति होने अथवा शासन के अग्रिम आदेशों तक प्रबन्ध निदेशक, पिटकुल का अतिरिक्त कार्यभार प्रदान किये जाने की श्री राज्यपाल सहर्ष स्वीकृति प्रदान करते हैं।
श्री मेहरबान सिंह बिष्ट, अपर सचिव, ऊर्जा विभाग, उत्तराखण्ड शासन को प्रबन्ध निदेशक, पिटकुल के अतिरिक्त कार्यों हेतु कोई वेतन, भत्ते इत्यादि देय नहीं होंगे।
(आर० मीनाक्षी सुन्दरम्)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *