सनसनी- विवाहिता ने प्रॉपर्टी कारोबारी,पुत्र व दोस्त पर शारीरिक शोषण का आरोप लगाया
एसएसपी डोभाल ने कहा,हर एंगल से जॉच कर रही पुलिस
पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया
नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया, अश्लील फोटो से दी धमकी.सालों तक शोषण का आरोप
अविकल उत्तराखण्ड
ऋषिकेश/देहरादून। एक नाटकीय घटनाक्रम के तहत दून निवासी विवाहिता की शिकायत पर प्रॉपर्टी कारोबारी , पुत्र व दोस्त पर बलात्कार का मुकदमा दर्ज होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
दर्ज मुकदमे में ब्लैकमेलिंग और लगातार यौन शोषण के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पीड़िता ने थाना ऋषिकेश में दी गई तहरीर में बताया कि आरोपियों ने उसकी पारिवारिक मजबूरियों का फायदा उठाकर लंबे समय तक उसका शारीरिक शोषण किया।
पीड़िता की तहरीर पर ऋषिकेश थाने में कारोबारी पिता-पुत्र व दोस्त पर
भारतीय न्याय संहिता की धारा 376,342 व 506 धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मुकदमा 2 अप्रैल को दर्ज किया गया। जांच अधिकारी उप निरीक्षक मीनू यादव को सौंपी गई है।
एसएसपी परमेन्द्र डोभाल ने कहा कि इस प्रकरण में एक व्यक्ति की गिरफ्तारी की गई है। पुलिस पीड़िता के आरोपों को लेकर सभी पहलुओं की जॉच कर रही है।
सूत्रों के अनुसार, जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो पाएगी। आरोपों की कहानी में कुछ झोल की आशंका भी नजर आ रही है। इस मामले में कुछ और लोगों की भूमिका से नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
कारोबारी से व्यापारिक प्रतिस्पर्धा के एंगल को भी परखा जा रहा है। आरोप व तथ्यों के संदिग्ध पाए जाने पर पूरा मामला दूसरी दिशा भी पकड़ सकता है। बहरहाल,जाने माने कारोबारी का नाम सामने आने से हलचल बढ़ गयी है।
यह है मामला
दर्ज मुकदमे में पीड़िता ने कहा है कि उसका मायका डोईवाला क्षेत्र में है और वर्ष 2016 में उसका विवाह देहरादून में हुआ था। उसके पति प्रॉपर्टी का काम करते हैं और मनजीत जौहर व उसके बेटे मानव जौहर के साथ जुड़े हुए हैं। मनजीत जौहर का उनके ससुराल में आना जाना था।
महिला का आरोप है कि जनवरी 2022 में मनजीत जौहर ने घर में घुसकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने बताया कि इस घटना की जानकारी देने पर भी उसके पति ने कोई कार्रवाई नहीं की।
इसके बाद फरवरी 2023 में उसे एक पेंटहाउस में ले जाया गया, जहां मानव जौहर ने कथित रूप से उसे नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोशी की हालत में दुष्कर्म किया। होश में आने पर उसके शरीर पर चोट और काटने के निशान पाए गए। अगले दिन आरोपी की ओर से आपत्तिजनक संदेश भी भेजा गया।
दर्ज मुकदमे में पीड़िताने कहा कि इसके बाद आरोपियों ने अश्लील फोटो और वीडियो के जरिए उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। धमकी देकर उसे विभिन्न स्थानों फार्महाउस, होटल और अन्य जगहों पर बुलाकर कई बार दुष्कर्म किया गया।विरोध करने पर उसके पिता, बहनों और बेटी को जान से मारने की धमकी दी जाती रही।
पीड़िता ने बताया कि मानसिक दबाव और पारिवारिक परिस्थितियों के कारण वह लंबे समय तक शिकायत नहीं कर पाई और अवसाद में चली गई। बाद में अपनी बहन के सहयोग से उसने हिम्मत जुटाकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराने का निर्णय लिया।
पीड़िता ने पुलिस से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी अन्य महिला के साथ ऐसा अपराध न हो।
मुकदमा दर्ज होने के बाद प्रॉपर्टी डीलर व पुत्र फरार हैं। पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है। मनजीत जौहर की देहरादून,ऋषिकेश व अन्य स्थानों में सम्पत्ति बताई जा रही है।
(आरोपियों का पक्ष प्राप्त होने पर प्रकाशित किया जाएगा)



