थानाध्यक्ष समेत तीन पुलिसकर्मी लाइन हाजिर
मजिस्ट्रेटी जांच शुरू
नशे में धुत पीआरडी कर्मी को डाल दिया था हवालात में
अविकल उत्तराखण्ड
देहरादून। हिरासत में पीआरडी कर्मी की मौत। नारी निकेतन में संवासिनी की आत्महत्या के प्रकरण के ठीक बाद हिरासत में हुई मौत से बवाल मच गया। रायपुर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की पुलिस हवालात में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है।
मृतक सुनील रतूड़ी सर्वे चौक स्थित युवा कल्याण कार्यालय में क्लर्क था।
हिरासत में पीआरडी कर्मी की संदिग्ध मौत से उपजे बवाल के बाद रायपुर थानाध्यक्ष गिरीश नेगी समेत तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल लाइन हाजिर कर दिया गया।
एसएसपी परमेन्द्र डोभाल ने कहा कि मामले की मजिस्ट्रीयल जांच की जाएगी।
मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार,28 मार्च की दोपहर को पेट्रोल पंप पर नशे की हालत में हंगामा करने के आरोप में गिरफ्तार किए गए पीआरडी कर्मी सुनील रतूड़ी को पुलिस ने हवालात में बंद किया था।
हवालात में कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। बेसुध अवस्था में सुनील रतूड़ी को कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मामले को गंभीरता से लेते हुए मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

गौरतलब है कि लाडपुर स्थित महादेव फ्यूल पेट्रोल पंप पर सुनील रतूड़ी द्वारा पेट्रोल भराने के बाद पैसे न देने और कर्मचारियों से अभद्रता करने की सूचना पुलिस को मिली थी।
मौके पर पहुंची चीता पुलिस ने पीआरडी कर्मी सुनील रतूड़ी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नशे में होने के कारण कुछ भी सुनने को तैयार नहीं हुआ।
इसके बाद पुलिस उसे वाहन सहित थाना रायपुर ले आई।
पूछताछ में उसने अपना नाम सुनील रतूड़ी (45 वर्ष), निवासी 10 पीआरडी कॉलोनी, तपोवन रोड, देहरादून बताया। एल्कोहल जांच में उसके शरीर में 231.6 mg/100 ml अल्कोहल पाया गया। इस पर पुलिस ने उसे मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185/207 के तहत गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की ओर से जारी किए गए प्रेस नोट में बताया गया कि थाने में भी सुनील रतूड़ी का व्यवहार आक्रामक बना रहा और वह लगातार हंगामा करता रहा। काफी समझाने के बावजूद जब वह शांत नहीं हुआ, तो पुलिस ने उसे हवालात में बंद कर दिया। कुछ समय बाद निगरानी के दौरान वह बेहोशी की हालत में मिला, जिसके बाद उसे तत्काल कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचित किया गया। मृतक का पंचायतनामा मजिस्ट्रेट द्वारा भरा जाएगा तथा पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल से कराया जाएगा, जिसकी वीडियोग्राफी भी की जाएगी।
मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डोभाल नेएसपी ग्रामीण को जांच सौंपते हुए रायपुर के थानाध्यक्ष समेत तीन पुलिस कर्मियों को तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन स्थानांतरित कर दिया है। डोभाल ने कहा कि दून पुलिस मानवाधिकारों का पूरा पालन कर रही है।
पीआरडी कर्मी सुनील रतूड़ी की पुलिस हिरासत में मौत के बाद कई सवाल उठ खड़े हुए हैं। शराब के नशे में धुत्त सुनील रतूड़ी को तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय हवालात में डाल देने से भी पुलिस की लापरवाही सामने देखी जा रही है।
Pls clik
नारी निकेतन में संवासिनी की संदिग्ध मौत से हड़कंप
उद्यमशाला महोत्सव: नवाचार और आत्मनिर्भरता को मिला नया मंच
कुम्भ 2027 बनेगा ‘डिजिटल कुम्भ’,होगा स्मार्ट प्रबंधन

