निदेशक टोलिया ने कहा, धनराशि जारी न करें
भाजपा नेत्री मधु चौहान ने कांग्रेसियों को ठेके देने पर किया था प्रदर्शन
मंत्री आवास पर धरना और जॉइनिंग रुकने से बढ़ी अंदरूनी खटास
अविकल थपलियाल
देहरादून। ये नये मिजाज की भाजपा है जनाब ।भाजपा के तेज तर्रार विधायक मुन्ना सिंह चौहान की पत्नी मधु चौहान (पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ) व दायित्वधारी गीताराम गौड़ के कैबिनेट मंत्री खजान दास के आवास पर समर्थकों सहित धरने के मसले ने नया मोड़ ले लिया है।
इसी बीच, 21 सितंबर को जनजाति कल्याण निदेशक संजय टोलिया ने अनुसूचित जनजाति बाहुल्य क्षेत्रों में अवस्थापना सुविधाओं के विकास के लिए पहले अवमुक्त 12 करोड़ की धनराशि को कार्यदायी संस्था/क्रियान्वयन एजेंसी को अग्रेतर अवमुक्त या वितरित नहीं करने के निर्देश दिए हैं।
निदेशक ने जिला समाज कल्याण अधिकारियों देहरादून, ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ को धनराशि जारी नहीं करने के निर्देश दिए हैं।
गौरतलब है कि मधु चौहान व गीता राम गौड़ ने 12 करोड़ के ठेके कांग्रेसियों को दिए जाने को लेकर बवाल मचाया था। यही नहीं ,समाज कल्याण विभाग में 15 से 200 प्रतिशत कमीशन लेने का आरोप लगा कर सनसनी मचा दी थी।
मधु चौहान ने तल्ख तेवर व व्यंग्यात्मक लहजे में कहा था कि भाजपा थाली हमसे बजवाती है….दीये हमसे जलवाती है। और ठेके कांग्रेसियों को दिए जा रहे हैं। चुनावी साल में भी भाजपा से जुड़े लोगों को ठेके नहीं मिले।
भाजपा के अंदर उठे इस बवाल के बाद समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने कहा था कि कमीशन लेने के आरोप साबित होने पर वे राजनीति से संन्यास ले लेंगे। और आत्महत्या भी कर लेंगे।
इस घटना के ठीक अगले दिन 21 सितम्बर को मधु चौहान और गीताराम गौड़ने चकराता के दो दर्जन परिवारों को भाजपा में शामिल करने के लिए प्रदेश मुख्यालय में एक आयोजन तय किया। लेकिन मंत्री खजान दास के विरोध के कारण भाजपा में शामिल होने का कार्यक्रम टल गया।
गीता राम गौड़ ने कहा कि मंत्री की नाराजगी के चलते जॉइनिंग नहीं हो सकी और नेताओं ने मंत्री से माफी भी मांगी है। मधु चौहान ने इसे पार्टी परिवार का मामला बताते हुए बातचीत से समाधान की बात कही। वहीं भाजपा की ओर से कहा गया कि प्रदेश अध्यक्ष की व्यस्तता के कारण प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी और बाद में निर्धारित प्रक्रिया के तहत जॉइनिंग कराई जाएगी। बाद में ये सभी लोग सीएम धामी से भी मिले।
पत्र ने बढ़ाई चिंता
इसी बीच 21 सितंबर 2026 को निदेशालय जनजाति कल्याण, उत्तराखंड की ओर से जिला समाज कल्याण अधिकारियों देहरादून, ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ को भेजे गए पत्र ने मामले को नया संदर्भ दिया है। पत्र में अनुसूचित जनजाति बाहुल्य क्षेत्रों में अवस्थापना सुविधाओं के विकास के लिए पहले अवमुक्त धनराशि को कार्यदायी संस्था/क्रियान्वयन एजेंसी को अग्रेतर अवमुक्त या वितरित नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं।
पत्र के अनुसार 16 सितंबर को देहरादून के लिए 11 करोड़ 42 लाख 61 हजार रुपये, ऊधमसिंह नगर के लिए 26 लाख 29 हजार रुपये और पिथौरागढ़ के लिए 23 लाख 68 हजार रुपये अवमुक्त किए गए थे। तीनों जिलों की कुल राशि करीब 11 करोड़ 92 लाख 58 हजार रुपये बैठती है। निदेशालय ने अग्रिम आदेश तक इस धनराशि को आगे जारी नहीं करने के निर्देश दिए हैं।
धरने में लगे गंभीर आरोप
20 सितंबर को मंत्री खजान दास के यमुना कॉलोनी स्थित आवास के बाहर हुए धरने में मधु चौहान, गीता राम गौड़, मूरत राम शर्मा, प्रताप राव, कमलेश भट्ट समेत भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए थे। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि चकराता में एससीपी-टीएसपी की योजनाओं में भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रस्तावों की अनदेखी कर कांग्रेस से जुड़े लोगों को काम दिए जा रहे हैं।
धरने से जुड़े बयानों में 15 से 20 प्रतिशत कमीशन लेकर योजनाएं मंजूर कराने और करीब 80 प्रतिशत काम विपक्षी/कांग्रेस से जुड़े लोगों को दिए जाने के आरोप भी सामने आए। ये आरोप प्रदर्शनकारियों की ओर से लगाए गए हैं। मंत्री खजान दास ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि योजनाओं का बजट बिना भेदभाव देने का प्रयास किया गया है।
इस पूरे प्रकरण में कमीशनखोरी के आरोपों की स्वतंत्र जांच/पुष्टि नहीं हुई है। जबकि निदेशक संजय टोलिया ने अवमुक्त धनराशि के आगे वितरण पर रोक लगा दी है। उधर,कमीशनखोरीव ठेके आवंटन पर कांग्रेस ने भाजपा को घेरना शुरू कर दिया है।

सेवा में,
जिला समाज कल्याण अधिकारी,
देहरादून/ऊधम सिंह नगर/पिथौरागढ़।
विषय- अनुसूचित जनजाति बाहुल्य क्षेत्रों में अवस्थापना सुविधाओं का विकास योजनान्तर्गत अवमुक्त बजट धनराशि को कार्यदायी संस्था/क्रियान्वयन एजेंसी को अग्रेतर अवमुक्त न किए जाने के सम्बन्ध में।
महोदय,
कृपया उपर्युक्त विषयक अवगत कराना है कि निदेशालय पत्र संख्या-सी3454 दिनांक-16.09.2026 द्वारा जनपद देहरादून को रु. 11,42,61,000.00, पत्र संख्या-सी3455 दिनांक-16.09.2026 द्वारा जनपद ऊधम सिंह नगर को रु. 26,29,000.00 एवं पत्र संख्या-सी3456 दिनांक-16.09.2026 द्वारा जनपद पिथौरागढ़ को रु. 23,68,000.00 की धनराशि अनुदान संख्या-31 के लेखाशीर्षक 4225-02-800-03-00 अनुसूचित जनजाति बाहुल्य क्षेत्रों में अवस्थापना सुविधाओं का विकास योजना की मानक 53-वृहद निर्माण अन्तर्गत अवमुक्त की गई थी।
अतः उच्च स्तर से प्राप्त निर्देशों के क्रम में आपको आदेशित किया जाता है कि उपरोक्तानुसार अनुसूचित जनजाति बाहुल्य क्षेत्रों में अवस्थापना सुविधाओं का विकास योजनान्तर्गत अवमुक्त धनराशि को अग्रिम आदेशों तक अग्रेतर अवमुक्त/वितरित न किया जाए।
(एस.एस.टोलिया)
निदेशक



