CCTV में कैद वारदात
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। सहारनपुर चौक पर एक दर्दनाक हिट एंड रन की घटना सामने आई है। तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार युवती तनुजा डिमरी को टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, लेकिन अभी तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
हादसे में गंभीर रूप से घायल तनुजा डिमरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, बिना ऑपरेशन के उनका ठीक होना संभव नहीं है। सोमवार को उनका ऑपरेशन होना तय है, जिसके बाद उन्हें पूरी तरह स्वस्थ होने में करीब तीन महीने का समय लग सकता है।
इस घटना को और भी दर्दनाक बनाता है कि तनुजा की शादी अगले महीने 9 मई को तय थी। शादी के कार्ड बंट चुके थे और परिवार ने सभी तैयारियां पूरी कर ली थीं, लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार की खुशियों को एक झटके में मातम में बदल दिया है।
परिवार पहले ही गहरे दुख से गुजर चुका है। करीब चार साल पहले तनुजा की मां की पहाड़ी से गिरकर अकाल मृत्यु हो गई थी। अब इस हादसे ने परिवार को फिर से सदमे में डाल दिया है। पिता का रो-रोकर बुरा हाल है और वे अपनी बेटी की हालत को लेकर बेहद चिंतित हैं।
पीड़ित पिता ने मीडिया के माध्यम से पुलिस से अपील की है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द से जल्द आरोपी वाहन चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी को न्याय दिलाना ही इस समय उनकी सबसे बड़ी मांग है।

