जेसीबी से ध्वस्तीकरण
नोटिस के बावजूद नहीं रुका निर्माण, अनधिकृत विकास कार्य ध्वस्त
अविकल उत्तराखंड
हरिद्वार। मंगलौर और आसपास के क्षेत्रों में बिना स्वीकृति की जा रही प्लॉटिंग के खिलाफ प्राधिकरण ने कार्रवाई की। प्राधिकरण की टीम ने तीन स्थानों पर जेसीबी की मदद से अनधिकृत प्लॉटिंग और विकास कार्यों को ध्वस्त किया। कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद निर्माणकर्ताओं को बिना स्वीकृति किसी भी तरह का निर्माण कार्य नहीं करने के निर्देश दिए गए।
प्राधिकरण के अनुसार लिब्बरहेड़ी से मंगलौर रोड पर प्रधानमंत्री आवास से पहले करीब 10 से 15 बीघा भूमि पर अनिल द्वारा डिमार्केशन कर प्लॉटिंग की जा रही थी। इसके अलावा मंगलौर में पानी की टंकी के पास सुधीर त्यागी द्वारा करीब पांच से आठ बीघा और मंगलौर क्षेत्र में नवाब द्वारा करीब पांच से छह बीघा भूमि पर प्लॉटिंग का कार्य किया जा रहा था।
प्राधिकरण ने तीनों मामलों में अनधिकृत निर्माण के खिलाफ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत वाद दायर किए हैं। इसके बावजूद मौके पर निर्माण कार्य जारी रहने पर प्राधिकरण की टीम ने कार्रवाई करते हुए अनधिकृत प्लॉटिंग और विकास कार्यों को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया।
प्राधिकरण अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सक्षम प्राधिकारी से मानचित्र और आवश्यक स्वीकृति प्राप्त किए बिना किसी भी प्रकार की प्लॉटिंग अथवा निर्माण कार्य न किया जाए। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि अनधिकृत निर्माण पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।



