जेनी प्रकरण पर कांग्रेस के मौन पर भाजपा ने उठाए सवाल

पत्नी दीप्ति रावत और सोनिया रावत के वक्तव्यों की सच्चाई सामने आना जरूरी!

अविकल उत्तराखंड

देहरादून। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श रुचि भट्ट ने जेनी प्रकरण को लेकर कांग्रेस पार्टी और उसके वरिष्ठ नेता हरक सिंह रावत पर तीखे सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि जेनी प्रकरण में हरक सिंह रावत पर लगाए गए गंभीर आरोपों के साथ ही उनकी पत्नी दीप्ति रावत द्वारा सोशल मीडिया पर सार्वजनिक रूप से दिए गए बयान और सोनिया रावत के वक्तव्यों ने इस पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है। ऐसे में कांग्रेस पार्टी की चुप्पी अनेक सवाल खड़े करती है।

रुचि भट्ट ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल गांधी और प्रदेश कांग्रेस के नेता महिला सम्मान, महिला अधिकारों और महिला न्याय की बात करते हुए नहीं थकते, लेकिन जब सवाल अपनी ही पार्टी के वरिष्ठ नेता हरक सिंह रावत पर उठते हैं, तो पार्टी नेतृत्व मौन क्यों हो जाता है? क्या महिला सम्मान और न्याय के सिद्धांत केवल राजनीतिक भाषणों और दूसरों पर आरोप लगाने तक ही सीमित हैं?

उन्होंने कहा कि जब किसी वरिष्ठ राजनीतिक नेता पर इस प्रकार के गंभीर आरोप सार्वजनिक रूप से सामने आते हैं और उनसे जुड़े लोगों के बयान भी सार्वजनिक चर्चा का विषय बनते हैं, तो उनकी निष्पक्ष जांच होना आवश्यक है। आरोपों को केवल राजनीतिक बयानबाजी बताकर खारिज नहीं किया जा सकता और न ही जांच से बचने के लिए राजनीतिक इधर उधर की अनर्गल बातों का सहारा लिया जाना चाहिए।

भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस नेतृत्व से मांग की कि हरक सिंह रावत को तत्काल प्रभाव से कांग्रेस की चुनाव प्रबंधन समिति के पद से हटाया जाए। उन्होंने सरकार से जांच की मांग भी करते हुए ताकि सच जनता के सामने आ सके ।

रुचि भट्ट ने कहा कि कांग्रेस को यह स्पष्ट करना चाहिए कि क्या उसके लिए महिला सम्मान वास्तव में कोई नैतिक प्रतिबद्धता है या फिर यह केवल राजनीतिक सुविधा के अनुसार इस्तेमाल किया जाने वाला मुद्दा है? यदि कांग्रेस महिलाओं के सम्मान और न्याय के प्रति गंभीर है, तो उसे इस मामले में भी वही मापदंड अपनाने चाहिए, जिनकी दुहाई वह दूसरे मामलों में देती रही है।

उन्होंने अंत में कहा कि महिला न्याय किसी पार्टी की राजनीति से बड़ा विषय है। किसी भी महिला की आवाज को राजनीतिक नफा-नुकसान के तराजू पर नहीं तौला जाना चाहिए। जनता जानना चाहती है कि इस पूरे प्रकरण की सच्चाई क्या है और कांग्रेस नेतृत्व उस सच्चाई को सामने लाने के लिए क्या कदम उठा रहा है।

इस अवसर पर प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती कमलेश रमन, महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री नेहा शर्मा, महिला मोर्चा मीडिया प्रभारी डाक्टर दिव्या नेगी, महिला मोर्चा प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती लक्ष्मी अग्रवाल भी मौजूद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *