अंतरराष्ट्रीय मंच पर पर्यावरण संरक्षण के मुद्दे उठाएंगी स्निग्धा तिवारी

COP31 में अंतरराष्ट्रीय मंच पर हिमालय और पर्यावरण संरक्षण के मुद्दे उठाएंगी अल्मोड़ा की स्निग्धा तिवारी

अविकल उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा। उत्तराखंड की स्निग्धा तिवारी संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन COP31 में पर्यावरण संरक्षण, मानवाधिकार और जलवायु न्याय से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखेंगी। वे तुर्किये के अंताल्या में आयोजित हो रहे इस वैश्विक सम्मेलन में ग्लोबल ग्रीन्स (Global Greens) के प्रतिनिधिमंडल की ओर से प्रतिभाग कर रही हैं।

स्निग्धा तिवारी 17 नवंबर को COP31 के ब्लू जोन में आयोजित एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय सत्र “Protecting Each Other, Protecting the Planet: Combatting Crackdowns on Environmental Defence” (एक-दूसरे और पृथ्वी की रक्षा : पर्यावरण संरक्षण के संघर्षों पर बढ़ते दमन का मुकाबला) में वक्ता के रूप में शामिल होंगी।

इस सत्र में दुनिया के विभिन्न देशों से आए पर्यावरण कार्यकर्ता, मानवाधिकार विशेषज्ञ, आदिवासी समुदायों के प्रतिनिधि और सामाजिक संगठनों के सदस्य पर्यावरण संरक्षण के लिए संघर्ष कर रहे लोगों के सामने बढ़ती चुनौतियों, नागरिक स्वतंत्रताओं पर हो रहे हमलों तथा इन परिस्थितियों में अंतरराष्ट्रीय एकजुटता की भूमिका पर चर्चा करेंगे।

भारत में एक दशक से अधिक समय से मानवाधिकार और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय स्निग्धा तिवारी पेशे से अधिवक्ता हैं। वे ह्यूमन राइट्स लॉ नेटवर्क (HRLN) से भी जुड़ी हैं। उन्होंने हिमालयी क्षेत्रों के संरक्षण, उच्च हिमालय में जलविद्युत परियोजनाओं के पर्यावरणीय प्रभावों तथा स्थानीय समुदायों के अधिकारों के सवालों को कानूनी और सामाजिक मंचों पर मजबूती से उठाया है। इस अंतरराष्ट्रीय सत्र में वे भारत और विशेष रूप से हिमालयी क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण के संघर्षों, न्यायिक हस्तक्षेपों तथा पर्यावरण कार्यकर्ताओं के सामने मौजूद चुनौतियों के अनुभव साझा करेंगी।

उल्लेखनीय है कि COP31 संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन रूपरेखा अभिसमय (UNFCCC) का 31वां सम्मेलन है, जिसका आयोजन 9 से 20 नवंबर 2026 तक तुर्किये के अंताल्या शहर में किया जा रहा है। इसमें दुनिया के लगभग 200 देशों के प्रतिनिधि, नीति निर्माता, वैज्ञानिक, युवा कार्यकर्ता और नागरिक समाज के संगठन जलवायु संकट से निपटने, जलवायु वित्त, अनुकूलन, ऊर्जा संक्रमण और जलवायु न्याय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श कर रहे हैं।

अंतरराष्ट्रीय जलवायु मंच पर उत्तराखंड और हिमालय के पर्यावरणीय सवालों को उठाने में स्निग्धा तिवारी की भागीदारी राज्य के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *