जस्टिस केसी धूलिया वाद-विवाद प्रतियोगिता में उत्तरांचल यूनिवर्सिटी अव्वल

ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी रही उपविजेता, आदित्य सिंह रौथाण बने सर्वश्रेष्ठ वक्ता

अविकल उत्तराखण्ड

देहरादून। उत्तरांचल यूनिवर्सिटी ने जस्टिस केशव चंद्र धूलिया चतुर्थ वाद-विवाद प्रतियोगिता का खिताब जीत लिया। 16 नवंबर को दून लाइब्रेरी एवं शोध केंद्र, देहरादून में आयोजित प्रतियोगिता में उत्तराखंड के विधि विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों की सात टीमों ने प्रतिभाग किया।

प्रतियोगिता में उत्तरांचल यूनिवर्सिटी की मैत्रेयी पंत और शुभा सिंह की टीम विजेता रही। टीम को 30 हजार रुपये नकद पुरस्कार और विजेता ट्रॉफी प्रदान की गई।
ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के शगुन जोशी और आदित्य सिंह रौथाण की टीम उपविजेता रही। टीम को 20 हजार रुपये और उपविजेता ट्रॉफी दी गई। आदित्य सिंह रौथाण को सर्वश्रेष्ठ वक्ता चुना गया। उन्हें 10 हजार रुपये नकद पुरस्कार और ट्रॉफी प्रदान की गई।

पूर्व पुलिस महानिदेशक अनिल रतूड़ी प्रतियोगिता के अध्यक्ष एवं मुख्य अतिथि थे। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किए। प्रतियोगिता का विषय ‘महान नेता ही महान नेतृत्वकर्ता तैयार करते हैं’ था। निर्णायक मंडल में प्रो. डॉ. हर्ष डोभाल, प्रो. डॉ. इंदू पांडे खंडूरी और अनूप नौटियाल शामिल रहे।

इस अवसर पर उत्तराखंड की पूर्व मुख्य सचिव एवं मुख्य सूचना आयुक्त राधा रतूड़ी भी मौजूद रहीं। उन्होंने 23 अक्टूबर को आयोजित जस्टिस केशव चंद्र धूलिया चतुर्थ निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया। एसएसजे विश्वविद्यालय की वंदना कांडपाल को प्रथम पुरस्कार के रूप में 25 हजार रुपये और स्वर्ण पदक, डीबीएस विश्वविद्यालय की अनमोलप्रीत कौर को द्वितीय पुरस्कार के रूप में 15 हजार रुपये और रजत पदक तथा उत्तरांचल यूनिवर्सिटी की निधि मलिक को तृतीय पुरस्कार के रूप में 10 हजार रुपये और कांस्य पदक प्रदान किया गया।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में अनिल रतूड़ी ने विधि के विद्यार्थियों के बीच वाद-विवाद के उच्च स्तर की सराहना की। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में नेतृत्व की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी। विभिन्न देशों के बीच बढ़ती प्रतिस्पर्धा के कारण विश्व इतिहास एक महत्वपूर्ण मोड़ पर खड़ा है।

कार्यक्रम का संचालन फाउंडेशन के सचिव हिमांशु धूलिया व जाह्नवी डिमरी ने किया। इस अवसर पर विद्यार्थी, शिक्षक, गणमान्य नागरिक और पूर्व अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *