अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग का पुरजोर समर्थन

AISA उत्तराखंड का सातवाँ राज्य सम्मेलन संपन्न

प्रियंका खत्री प्रदेश अध्यक्ष और शिवांक नौटियाल प्रदेश सचिव निर्वाचित

अविकल उत्तराखण्ड

देहरादून। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) उत्तराखंड का सातवाँ राज्य सम्मेलन आज देहरादून स्थित उत्तरांचल प्रेस क्लब में संपन्न हुआ। सम्मेलन में AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष कॉमरेड नेहा बोरा मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुईं। सम्मेलन में अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। इस दौरान संगठन ने अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के संघर्ष में मजबूती से साथ खड़े रहने का संकल्प लिया।

अपने संबोधन में कॉमरेड नेहा बोरा ने कहा कि AISA अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग के साथ मजबूती से खड़ा है और इस संघर्ष को आगे बढ़ाने में छात्र-युवा अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की लड़ाई केवल एक परिवार की लड़ाई नहीं, बल्कि न्याय, जवाबदेही और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण सवाल है। उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार की बुलडोजर नीति, सांप्रदायिक राजनीति और हिंदू-मुस्लिम दंगों की राजनीति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि शिक्षा, रोजगार और लोकतांत्रिक अधिकारों के सवालों पर छात्र-युवा आंदोलन को मजबूत करने की जरूरत है। AISA राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के खिलाफ लगातार जनआंदोलनों, धरना-प्रदर्शनों और संघर्षों के माध्यम से सक्रिय भूमिका निभाता रहा है।

सम्मेलन में अंकिता भंडारी की माता श्रीमती सोनी देवी एवं पिता श्री वीरेंद्र भंडारी भी शामिल हुए। उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए अंकिता को न्याय दिलाने की मांग को मजबूती से उठाया और इस लड़ाई में अधिक से अधिक लोगों से शामिल होने की अपील की। उन्होंने उत्तराखंड में भ्रष्टाचार और अन्याय के खिलाफ युवाओं से आगे आकर संघर्ष करने तथा अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के आंदोलन को व्यापक बनाने का आह्वान किया।

सम्मेलन के दौरान अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग के साथ-साथ उत्तराखंड में छात्र-युवा आंदोलन की दिशा, शिक्षा के सवालों, संगठन के विस्तार और आगामी आंदोलनों की रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा हुई। संगठनात्मक सत्रों में विभिन्न इकाइयों के कामकाज की समीक्षा की गई। सम्मेलन में 15 सदस्यीय राज्य परिषद एवं 5 सदस्यीय राज्य कार्यकारिणी का चुनाव किया गया।

नई राज्य कार्यकारिणी में निर्वाचित पदाधिकारी

  • प्रियंका खत्री – प्रदेश अध्यक्ष
  • शिवांक नौटियाल – प्रदेश सचिव
  • धीरज कुमार – प्रदेश उपाध्यक्ष
  • सचिन रावत – सहसचिव
  • सुमित– सहसचिव

सम्मेलन का समापन अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के संघर्ष को मजबूती से आगे बढ़ाने, शिक्षा के निजीकरण एवं राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के खिलाफ आंदोलन तेज करने तथा छात्र-युवा और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने के संकल्प के साथ सम्पन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *