लखनऊ में उत्तराखण्ड महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री धामी
यूपी और उत्तराखण्ड का रिश्ता सहोदर भाइयों जैसा, दोनों राज्यों की प्रगति एक-दूसरे से जुड़ी : मुख्यमंत्री
अविकल उत्तराखण्ड
लखनऊ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को लखनऊ स्थित पंडित गोविंद बल्लभ पंत सांस्कृतिक उपवन में उत्तराखण्ड महापरिषद की ओर से आयोजित उत्तराखण्ड महोत्सव-2026 में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने उत्तर प्रदेश में रह रहे प्रवासी उत्तराखण्डियों से अपनी संस्कृति, परंपराओं, लोकभाषा और सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की पहचान उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं, रीति-रिवाजों और विशिष्ट जीवनशैली में निहित है। भौगोलिक रूप से हम कहीं भी रहें, लेकिन अपनी मातृभूमि, बोली-भाषा और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ाव बनाए रखना जरूरी है। अपनी जड़ों से जुड़ाव भावी पीढ़ियों को भी अपनी पहचान और विरासत से परिचित कराने का माध्यम है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रवासी उत्तराखण्डियों को अपनी मातृभूमि से जोड़ने और प्रदेश के विकास में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी उद्देश्य से पिछले तीन वर्षों से प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। इनके माध्यम से देश-विदेश में रह रहे प्रवासियों के अनुभव, ज्ञान, कौशल और निवेश का लाभ प्रदेश के विकास में लेने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने प्रवासियों से अपने गांवों, स्थानीय उत्पादों, पर्यटन स्थलों और सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों के विकास में योगदान देने की अपील की।

यूपी और उत्तराखण्ड का रिश्ता सहोदर भाइयों जैसा
मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड के संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश हमारा सहोदर भाई है। दोनों राज्यों के बीच केवल भौगोलिक और प्रशासनिक संबंध ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और भावनात्मक जुड़ाव भी है। दोनों राज्यों की प्रगति एक-दूसरे से जुड़ी हुई है।
उन्होंने उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों की सराहना की। कहा कि सड़क, एक्सप्रेसवे, औद्योगिक विकास, पर्यटन, कानून-व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से प्रदेश में आर्थिक गतिविधियों को गति मिल रही है। गंगा एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश की कनेक्टिविटी और अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने वाली महत्वपूर्ण परियोजना है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से गंगा एक्सप्रेसवे को हरिद्वार तक जोड़ने का अनुरोध किया गया है। इससे दोनों राज्यों के बीच आवागमन, व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
धामी ने उत्तर प्रदेश में निवेश के बढ़ते अवसरों का उल्लेख करते हुए पर्यटन क्षेत्र में लगभग 38 हजार करोड़ रुपये के निवेश को प्रदेश की आर्थिक संभावनाओं का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि दोनों राज्य पर्यटन, धार्मिक यात्रा, व्यापार और उद्योग के क्षेत्र में मिलकर नई संभावनाएं विकसित कर सकते हैं।
चारधाम यात्रा में 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड में संचालित विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण और बदरीनाथ धाम में मास्टर प्लान के तहत विकास कार्य किए जा रहे हैं। इन परियोजनाओं से श्रद्धालुओं की सुविधाओं के साथ धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के शुरू होने से दोनों राज्यों के बीच आवागमन सुगम होगा। इससे पर्यटन, व्यापार, उद्योग और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क संपर्क और रोपवे परियोजनाएं भी प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

धामी ने बताया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, जबकि हेमकुंड साहिब में लगभग 3.90 लाख श्रद्धालु पहुंचे। आदि कैलाश यात्रा में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों ने भाग लिया। सरकार यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के साथ ही शीतकालीन यात्रा को भी प्रोत्साहित कर रही है। इससे वर्षभर पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं, होटल व्यवसायियों, होमस्टे संचालकों तथा छोटे कारोबारियों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
उन्होंने कहा कि बाबा नीम करौली महाराज से जुड़े धार्मिक स्थलों को जोड़कर आध्यात्मिक पर्यटन सर्किट विकसित करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। कैंची धाम सहित अन्य धार्मिक स्थलों पर सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इसके अलावा इको टूरिज्म, एडवेंचर टूरिज्म, वेलनेस टूरिज्म और ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि पर्यटन का लाभ दूरस्थ पर्वतीय गांवों तक पहुंचे।
भू-कानून और नकल विरोधी कानून से प्रदेश के हितों की रक्षा

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास के साथ सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। उत्तराखण्ड में समान नागरिक संहिता लागू की गई है। स्थानीय नागरिकों और प्रदेश के हितों की रक्षा के लिए सख्त भू-कानून बनाया गया है। नकल माफिया पर अंकुश लगाने के लिए नकल विरोधी कानून लागू किया गया है, जिससे भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बढ़ी है और युवाओं को योग्यता के आधार पर रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। सरकार अब तक हजारों युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां दे चुकी है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण देने के साथ ही महिला स्वयं सहायता समूहों, लखपति दीदी योजना और मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना के माध्यम से महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है।
धामी ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून और सार्वजनिक एवं निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त प्रावधान लागू किए गए हैं। उन्होंने राज्य में मदरसा बोर्ड समाप्त करने और अवैध रूप से संचालित मदरसों के विरुद्ध की गई कार्रवाई का भी उल्लेख किया। कहा कि सरकार का उद्देश्य कानून का राज स्थापित करना, युवाओं का भविष्य सुरक्षित करना और सभी नागरिकों को समान अवसर उपलब्ध कराना है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और जनता के सहयोग से उत्तराखण्ड वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

कार्यक्रम में उत्तराखण्ड के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह सहित जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक और बड़ी संख्या में प्रवासी उत्तराखण्डी उपस्थित रहे।




