उत्तराखण्ड की सियासत में महिला शक्ति का ‘वीडियो वार’

महिला किरदारों के इर्द-गिर्द घूम रही उत्तराखण्ड की सियासत

सोशल मीडिया पर हर दिन नया धमाका

अविकल थपलियाल

देहरादून। उत्तराखण्ड के राजनीतिक और सामाजिक गलियारे में इन दिनों महिलाओं का जलवा जलाल है। खबरों की सुर्खियों में है। राजनीतिक दलों से जुड़ी महिला नेत्रियां सक्रिय तो हैं लेकिन जनता की आंखे विशेष रूप से इन महिलाओं के वीडियो और रील पर टिकी है।
बीते दो साल से उत्तराखंड के सोशल मीडिया के फलक पर इन्हीं महिलाओं का पूरी तरह से कब्जा है। और यह कहानी किसी थ्रिलर उपन्यास की तरह हर दिन नये नये मोड़ ले रही है।

इस कहानी में रहस्य, धमकी, सेक्स, रोमांच, हास्य, जलन, बिंदास आदि तत्व पूरी तरह से जज्ब हैं।

राज्य गठन के बाद उत्तराखण्ड की जनता को यह अनुभव पहली बार हो रहा है कि जब महिला शक्ति नेताओं को कई रोचक विशेषणों से सम्बोधित कर जवाब मांग रही है। और आपस में खूब खंजर भी चला रही हैं।

सोशल मीडिया में किस महिला ने किसकी खैर खबर ली। कौन किसको गरिया रही है। किसने सोशल मीडिया में अपनी दुश्मन को क्या जवाब दिया। दिन भर सभी को इसी की तलाश रहती है।
इन महिलाओं से जुड़े वीडियो चाव से देखे ही नहीं जाते बल्कि हर स्तर पर शेयर व वॉयरल भी होते है। ये महिलाएं एक दूसरे को धमकाने में भी पीछे नहीं रहती। किस महिला की किस नेता व अधिकारी से नजदीकी है,इसका ‘खुलासा’ करने में भी कोई संकोच नहीं करती। साफ साफ बता देती हैं ये  नेता व ये महिला एक ही हमाम में नहाते है।

…आग लगा दूंगी- भावना पांडे

इनमें सबसे प्रमुखता से भावना पांडे का नाम लिया जा रहा है। मूल रूप से हल्द्वानी की रहने वाली भावना पांडे कब किसका ‘पोस्टमार्टम’ कर दे,यह कोई नहीं जानता। भावना के निशाने पर अक्सर बड़े नेता व अधिकारी ही होते हैं।साफ कहती है,कि इलाज कर दूंगी। आग लगा दूंगी…आदि आदि।अंकिता भंडारी हत्याकांड के मुद्दे पर निर्दलीय विधायक उमेश कुमार के समर्थक नेताओं व अधिकारियों पर खूब तीखे तीर चलाती है।


यूं तो भावना पांडे किसी को नहीं बख्शती लेकिन आजकल हरक सिंह व गणेश गोदियाल पर विशेष रूप से मेहरबान है। भावना पांडे यह कहने में भी नहीं हिचकती कि उन्होंने किसको कितने रुपए की मदद की है।
हर दिन सुबह नेता व अधिकारी मोबाइल को स्क्रॉल कर यह देखते हैं कि कहीं भावना पांडे ने उन्हें तो नहीं ‘निपटा’ दिया। भावना उच्च पदस्थ अधिकारियों को हड़काने में भी पीछे नहीं रहती। माथे पर लाल मोटी बिंदी और बड़े फ्रेम का चश्मा भावना की खास पहचान है। यही नहीं, उर्मिला सनावर व आरती गौड़ की ‘आरती’  उतारने में भी पीछे नहीं रहती।

भावना पांडे

उर्मिला सनावर की उत्तराखण्ड में धमाकेदार एंट्री

सितंबर 2022 में अंकिता भंडारी हत्याकांड के तीन साल बाद सहारनपुर निवासी अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने बीते एक साल से तहलका मचाया हुआ है। दिसम्बर 2025 में भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की वीआईपी सम्बन्धी ऑडियो लीक होने के बाद से अभी तक उर्मिला सनावर खबरों में छाई हुई है। उर्मिला के सोशल मीडिया में ऑडियो वॉयरल करने के बाद उठे आंदोलन के बाद भाजपा सरकार को सीबीआई जांच करवानी पड़ गयी।
उर्मिला ने अपने बिंदास व बेबाक अंदाज में बड़े नेताओं और अन्य को खूब सुनाया। कई दिन तक इधऱ उधर भी छुपी रही। लेकिन भाजपा के बड़े नेताओं को निशाने पर लेते हुए वीआईपी का मुद्दा जिंदा रखा। आरती गौड़ और उर्मिला के बीच मुकदमेबाजी के अलावा सोशल मीडिया में जंग अभी भी जारी है। एक दूसरे पर कीचड़ उछालना बदस्तूर जारी है। और यह सिलसिला आगे भी कायम रहने की उम्मीद है।

उर्मिला सनावर

इन दिनों उर्मिला सनावर, भावना पांडे ,आरती गौड़ की ‘महाभारत’  भी लोग चटखारे लेकर देख रहे हैं। इस महाभारत में पर्दे के पीछे व बैडरूम के किस्से-कहानी भी जमकर सुनाई जाती हैं।
हाल ही में रोशनाबाद जेल से बाहर आई उर्मिला के तेवर बदस्तूर कायम है। भावना पांडे की तरह उर्मिला के वीडियो भी सत्ता के गलियारों से लेकर दूर दराज तक जबरदस्त हंगामा मचा देते हैं। जेल से निकलने के बाद उर्मिला ने बड़े धमाके के ऐलान कर कई लोगों की सांसें अटका दी है। आजकल स्वामी दर्शन भारती पर विशेष रूप से हमलावर है। उधर,आरती गौड़ और उर्मिला के बीच मुकदमेबाजी भो चल रही है।

आरती गौड़

इंदिरा देवरी उर्फ जैनी का ‘प्रकटीकरण’

उत्तराखण्ड में वैसे ही क्या कम तूफान मचा हुआ था। जो 23 साल बाद जैनी-हरक सेक्स स्कैंडल के पन्ने फिर फड़फड़ाने लग गए। राजनीतिक जंग के बीच सीएम धामी ने जैनी कांड की चर्चा क्या छेड़ी कि बवंडर ही आ गया। जैनी ने दून आकर प्रेसवार्ता की। और हरक सिंह पर रेप का आरोप  लगाते हुए अपने 23 साल के बेटे के पिता का नाम मांगा।

दून पुलिस में तहरीर भी दी। जैनी ने असम लौटकर सीएम हिमंता सरमा से भी अपनी पीड़ा कही।यह मसला राष्ट्रीय स्तर की सुर्खियां बना हुआ है। जैनी भी अपने वीडियो जारी कर रही है। हरक सिंह की टीम से जुड़ी स्वाति नेगी समेत अन्य भी सोशल मीडिया में जैनी को झूठा करार देते हुए काउंटर कर रहे हैं।
जैनी ने हरक के एक करीबी को प्रेस कांफ्रेन्स करने पर वीडियो जारी कर कई पुरानी बातें कहीं। और अपने तरीके से ताकीद भी किया। उत्तराखण्ड में अब जैनी के नये नये वीडियो का भी शिद्दत से इंतजार हो रहा है। यही नहीं, सोशल  मीडिया में वॉयरल बिना नंबर की कार और रातों रात जैनी के तिल के गायब होने पर भी बच्चे,बूढ़े और जवान खूब मौज ले रहे हैं।

दीप्ति रावत -सोनिया आनन्द विवाद

इस बीच, हरक सिंह की पत्नी दीप्ति रावत ने वीडियो जारी कर सोनिया आनन्द रावत से साफ पूछ लिया कि वो कैसे हरक सिंह को अपना पति बता रही है। दीप्ति के ताजे दो वीडियो ने तहलका मचाया हुआ है। दीप्ति ने यह भी पूछ लिया कि उनके स्वर्गीय ससुर को अपना ससुर कैसे बता रही है।

दीप्ति रावत

जवाब में सोनिया आनन्द ने फेसबुक में लिख दिया कि किसी को भी यह पूछने का हक नहीं है। हरक सिंह मेरे आत्मीय सम्बंध थे और रहेंगे। दीप्ति-सोनिया के बीच जारी जंग के लम्बा चलने की संभावना है। निकट भविष्य में और भी वीडियो वॉयरल हो सकते हैं।

भाजपा मंत्री रेखा आर्य का आंसू बहाता वीडियो

लेकिन इन सबसे इतर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य का अपने पति गिरधर साहू के खिलाफ वॉयरल किया गया वीडियो काफी अहम रहा। इस वीडियो में धामी सरकार में मंत्री रेखा आर्य ने अपने पति के एक अन्य महिला से बातचीत का ऑडियो वॉयरल कर पर तमाम आरोप लगाते हुए जेल भिजवा दिया।


राजनीतिक दलों से जुड़ी विभिन्न नेत्रियों ने भी फेसबुक समेत अन्य सोशल मीडिया में धमाल मचाया हुआ। विरोधी दलों पर प्रहार के अलावा कई मुद्दों को लेकर इनके तेवर देखते ही बनते हैं

राजनीतिक क्षेत्र से जुड़ी महिला नेत्रियों के अलावा हल्द्वानी की ज्योति अधिकारी, सुनीता भट्ट की जंग भी सुर्खियों में रही है। एक मामले में ज्योति अधिकारी जेल भी जा चुकी हैं। पिंकी गुसाईं, रश्मि सती नैनवाल समेत कई अन्य महिलाएं भी सोशल मीडिया में अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज करवा रही है।  इधऱ, युवा आकांक्षा नेगी, कल्पना रावत भी मुद्दों को लेकर सोशल मीडिया में हलचल मचा रही है। इस सीरीज में कई और नये चेहरे भी जुड़ते जा रहे हैं ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *