उत्तरकाशी के पवाणी गांव में भीषण अग्निकांड
मोरी ब्लॉक में आग ने मचाई तबाही, गांव में चीख-पुकार और अफरा-तफरी; राहत एवं बचाव दल रवाना
अविकल उत्तराखण्ड
उत्तरकाशी। जिले के मोरी ब्लॉक के पवाणी गांव में मंगलवार को भीषण अग्निकांड से भारी तबाही मच गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और एक के बाद एक कई मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग में 30 से अधिक मकान जलकर राख हो गए हैं।
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि ग्रामीणों को सामान निकालने तक का मौका नहीं मिला। पूरे गांव में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। इस अग्निकांड में ग्रामीणों की वर्षों की मेहनत और जीवनभर की जमा-पूंजी तबाह होने की आशंका है। गांव से सामने आ रही तस्वीरें आग की भयावहता बयां कर रही हैं।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। अग्निकांड में हुए नुकसान का विस्तृत आकलन भी राहत एवं बचाव दल के मौके पर पहुंचने के बाद ही हो सकेगा।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) और राजस्व विभाग की टीमें मौके के लिए रवाना कर दी गईं। प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य की तैयारियां की जा रही हैं।




