अविकल उत्तराखंड
देहरादून। गुरु नानक देव के प्रकाश उत्सव पर रेसकोर्स स्थित गुरुद्वारा साहिब में श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। गुरुसिख एजुकेशन सोसाइटी की ओर से आयोजित विशेष कीर्तन दरबार में गुरबाणी के शब्दों से समूचा पंडाल गूंज उठा। संगत ने नाम जपो, किरत करो और वंड छको के संदेश को आत्मसात किया। इसी पावन अवसर पर होनहार बिटिया मनप्रीत कौर खुराना को सम्मानित कर सबका मन जीत लिया।
मनप्रीत कौर ने दसवीं की परीक्षा में 93.4 प्रतिशत अंक हासिल कर न केवल अपने माता-पिता, बल्कि पूरे समाज का नाम रोशन किया है। वह कॉन्वेंट ऑफ जीसस मैरी (सीजेएम) की मेधावी छात्रा हैं। उनकी इस शानदार सफलता पर सोसाइटी ने उन्हें स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कीर्तन दरबार में जैसे ही उनके नाम की घोषणा हुई, पूरा पंडाल तालियों से गूंज उठा।
मनप्रीत अधिवक्ता वीरेंद्र सिंह खुराना और सर्वजीत कौर की सुपुत्री हैं। माता-पिता ने कहा कि बेटी की सफलता गुरु महाराज की कृपा और उसकी कड़ी मेहनत का फल है। उन्होंने कहा कि मनप्रीत ने पढ़ाई के साथ-साथ गुरमत और संस्कारों को भी हमेशा प्राथमिकता दी है।
गुरुसिख एजुकेशन सोसाइटी वर्ष 2013 से ही बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों को गुरु पर्व पर सम्मानित करती आ रही है। सोसाइटी का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल पढ़ाई में ही नहीं, बल्कि नैतिक मूल्यों और सेवा भावना में भी आगे बढ़ाना है। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने शिक्षा और समानता का जो संदेश दिया, मनप्रीत जैसी बेटियां उसी का जीवंत उदाहरण हैं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संगत मौजूद रही। सभी ने मनप्रीत के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और गुरु का अटूट लंगर ग्रहण किया।




