आक्रोश- अंकिता के माता-पिता गांधी प्रतिमा के नीचे बैठे

विनोद आर्य पर FIR दर्ज नहीं होने पर विपक्ष ने दिखाए तेवर

अविकल उत्तराखंड

देहरादून। अंकिता भंडारी के चरित्र हनन के मुद्दे पर भाजपा नेता विनोद आर्य पर एफआईआर दर्ज नहीं होने के विरोध में माता-पिता गांधी पार्क में धरने पर बैठ गए।

अंकिता के माता पिता तीन दिन से राजपुर थाने में विनोद आर्य के खिलाफ शिकायत लेकर गए थे। लेकिन उनकी नहीं सुनी गई।
एफआईआर दर्ज कराने व न्याय की मांग को लेकर बुधवार को अंकिता के माता-पिता देहरादून के गांधी पार्क में धरने पर बैठे।
धरने को विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक और श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने समर्थन दिया। और जमकर नारेबाजी की।
पूर्व सीएम हरीश रावत व गणेश गोदियाल ने पुलिस की कार्य प्रणाली पर सवाल उठाए।

धरने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने अंकिता हत्याकांड के वास्तविक दोषियों को सजा दिलाने और मामले में कथित वीआईपी की पहचान सार्वजनिक करने की मांग उठाई।

उन्होंने धामी सरकार पर इस मामले में चुप्पी साधने का आरोप लगाते हुए सवाल किया कि आखिर वीआईपी कौन है और उसके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है।

वहीं, 25 नवंबर को महिला हिंसा विरोध दिवस के अवसर पर प्रगतिशील महिला एकता केंद्र की ओर से गांधी पार्क में पर्चे वितरित किए गए। पर्चों के माध्यम से महिला हिंसा के खिलाफ व्यापक संघर्ष तेज करने और महिलाओं की समानता, स्वतंत्रता एवं अधिकारों के लिए आवाज बुलंद करने की अपील की गई।

प्रदर्शनकारियों ने ‘अंकिता के असली हत्यारों को जेल में डालो’, ‘वीआईपी कौन है, धामी सरकार मौन है’ और ‘महिला हिंसा के खिलाफ संघर्ष तेज करो’ जैसे नारे लगाए। उन्होंने महिला उत्पीड़न और हिंसा के खिलाफ संगठित आंदोलन की जरूरत बताते हुए सामाजिक और राजनीतिक स्तर पर संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया।

इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, गणेश गोदियाल, बबीता भयाना, इंकलाबी मजदूर केंद्र के उपाध्यक्ष पंकज कुमार, जयप्रकाश, प्रगतिशील भोजनमाता संगठन के सदस्य और अन्य सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *