देखें वीडियो, पूर्व सीएम हरीश रावत ने जताया विरोध
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत व स्थानीय लोगों ने अल्मोड़ा जिले के जागेश्वर धाम के संग्रहालय में रखी प्राचीन मूर्तियों को दिल्ली स्थानांतरित किए जाने की कथित तैयारी पर चिंता जताई है।
इस मामले में मौके पर पहुंची ASI की टीम को विरोध का सामना भी करना पड़ा। मंदिर के पुजारी भी मूर्तियों को ले जाने पर नताज नजर आए।
पूर्व सीएम हरीश रावत ने केंद्र और राज्य सरकार से इस प्रक्रिया को तत्काल रोकने की मांग की है। साथ ही जनता से भी जागेश्वर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को बचाने के लिए विरोध दर्ज कराने की अपील की है।
हरीश रावत ने कहा कि जागेश्वर धाम भगवान शिव की आस्था का प्रमुख केंद्र होने के साथ ही उत्तराखंड की प्राचीन संस्कृति और विरासत का महत्वपूर्ण स्थल है। यहां की कई प्राचीन मूर्तियां संग्रहालय में संरक्षित हैं। सरकार ने भी जागेश्वर में ही संग्रहालय की स्थापना की थी, ताकि इन ऐतिहासिक धरोहरों को उनके मूल स्थान पर सुरक्षित रखा जा सके।
उन्होंने कहा कि उन्हें स्थानीय पुजारियों के माध्यम से जानकारी मिली है कि संग्रहालय में रखी प्राचीन मूर्तियों को दिल्ली स्थानांतरित करने की तैयारी की जा रही है और इसके लिए एक टीम जागेश्वर पहुंची है।
यह बेहद चिंताजनक है। जब जागेश्वर में ही संग्रहालय मौजूद है तो वहां की मूर्तियों को दिल्ली ले जाने का औचित्य समझ से परे है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि एक ओर देश विदेशों में पहुंच चुकी अपनी प्राचीन धरोहरों और मूर्तियों को वापस लाने का प्रयास कर रहा है, वहीं दूसरी ओर जागेश्वर की मूर्तियों को उनके मूल स्थान से हटाने की तैयारी की जा रही है। यह उचित नहीं है।
उन्होंने उत्तराखंड सरकार से इस मामले में विरोध दर्ज कराने और केंद्र सरकार से पुरातत्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश देकर मूर्तियों को दिल्ली ले जाने की प्रक्रिया तत्काल रोकने का आग्रह किया।




