विधानसभा चुनाव में मतदान बहिष्कार की चेतावनी
मांगें नहीं मानीं तो आमरण अनशन पर बैठेंगे कर्मचारी
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। उत्तराखंड वन विकास निगम कर्मचारी संघ का विभिन्न मांगों को लेकर वन विकास निगम मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन शुक्रवार को 16वें दिन भी जारी रहा। कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त कर्मियों के लंबित देयकों का भुगतान, स्केलर संवर्ग को 2000 रुपये ग्रेड पे और फील्ड संवर्ग को शिथिलीकरण का लाभ देने समेत विभिन्न मांगें उठाईं। संघ ने चेतावनी दी कि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो सेवानिवृत्त कर्मचारी आगामी विधानसभा चुनाव में मतदान का बहिष्कार करेंगे।
वन विकास निगम के अरण्य विकास भवन स्थित मुख्यालय में कर्मचारी 12 नवंबर से धरने पर बैठे हैं। संघ का कहना है कि निगम से पिछले सात से आठ वर्षों में सेवानिवृत्त हुए 1600 से अधिक कर्मचारियों के देयकों का अब तक भुगतान नहीं किया गया है। इनमें से 100 से अधिक सेवानिवृत्त कर्मचारियों की बीमारी के कारण मृत्यु हो चुकी है। उनके आश्रित अब भी बकाया भुगतान की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
कर्मचारी संघ के प्रांतीय मीडिया प्रभारी राजेंद्र सिंह राणा ने निगम प्रबंधन पर कर्मचारियों की समस्याओं की अनदेखी और शोषण का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के हित में न्यायालयों की ओर से जारी आदेशों के बावजूद उनके देयकों का भुगतान नहीं किया जा रहा है। वहीं, निगम में हुए कथित भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच भी नहीं कराई जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मेहनतकश कर्मचारियों की बदौलत निगम को होने वाली आय का उचित उपयोग नहीं हो रहा है और निगम अपने मूल उद्देश्यों से भटकता नजर आ रहा है।
संघ ने मांग की कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित भुगतान तत्काल किए जाएं, स्केलर संवर्ग को 2000 रुपये ग्रेड पे दिया जाए, फील्ड संवर्ग के कर्मचारियों को शिथिलीकरण का लाभ मिले तथा न्यायालयों के आदेशों के अनुरूप कर्मचारियों के सभी देयकों का भुगतान किया जाए। इसके अलावा निगम में हुए भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
धरने पर बैठे सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनके बकाया देयकों का जल्द भुगतान नहीं हुआ तो वे आमरण अनशन शुरू करने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि अनशन के दौरान किसी भी कर्मचारी के साथ अनहोनी होने पर इसकी जिम्मेदारी निगम प्रबंधन की होगी।
धरना स्थल पर प्रांतीय उप महामंत्री दिवाकर शाही और प्रांतीय संगठन मंत्री गजेंद्र सिंह राणा ने कर्मचारियों को संबोधित किया। इंकलाबी मजदूर केंद्र के केंद्रीय परिषद सदस्य जयप्रकाश और संगठन के उपाध्यक्ष पंकज कुमार ने भी आंदोलन को समर्थन देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं होने पर संगठन हरसंभव सहयोग करेगा।
शुक्रवार को धरने में दिवाकर शाही, राजेंद्र राणा, राजेंद्र प्रसाद सेमवाल, त्रिलोक सिंह बिष्ट, विनोद सिंह रावत, पदमादत्त जोशी, चंद्र बल्लभ छिब्वाल और देश उपदेश भट्ट समेत कई कर्मचारी शामिल रहे।




