सेमिनार में कक्षा स्तरीय दक्षताओं पर फोकस

सीखने के प्रतिफल ही शिक्षण का आधार : डिप्टी बीईओ दीपक लखेड़ा

अविकल उत्तराखंड

नौगांवखाल। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत विद्यार्थियों में कक्षा के अनुरूप निर्धारित दक्षताओं को विकसित करना शिक्षण का प्रमुख उद्देश्य है। केवल पाठ्यक्रम पूरा करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रत्येक बच्चे में अपेक्षित सीखने के प्रतिफल हासिल करना जरूरी है। यह बात उपशिक्षा अधिकारी दीपक लखेड़ा ने विकासखंड एकेश्वर के शिक्षक-शिक्षिकाओं के लिए आयोजित सेमिनार में कही।

परख कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित यह सेमिनार अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज नौगांवखाल में खंड शिक्षा अधिकारी गुंजन अमरोही एवं उपशिक्षा अधिकारी दीपक लखेड़ा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। सेमिनार में कक्षा एक से आठ तक अध्यापन कराने वाले चयनित शिक्षकों ने भाषा, गणित, विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान विषयों की कक्षा स्तरीय दक्षताओं को चिह्नित करते हुए प्रभावी शिक्षण प्रक्रिया पर अपने प्रस्तुतीकरण दिए। शिक्षकों ने अपने कक्षा-कक्षीय अनुभवों को प्रमाणों के साथ साझा किया।

खंड शिक्षा अधिकारी गुंजन अमरोही ने शिक्षकों से अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने तथा कमजोर विद्यार्थियों को उपचारात्मक शिक्षण के माध्यम से अपेक्षित दक्षताएं हासिल कराने पर जोर दिया। वहीं उपशिक्षा अधिकारी दीपक लखेड़ा ने कहा कि सीखने के प्रतिफल ही शिक्षण का आधार हैं। इन्हीं के अनुरूप पाठ योजनाएं, शिक्षण गतिविधियां एवं मूल्यांकन तैयार किए जाने चाहिए।
नोडल अधिकारी संजीव थपलियाल ने कहा कि परख परीक्षा किसी प्रकार का भय पैदा करने का माध्यम नहीं, बल्कि बच्चों के सीखने के स्तर को जांचने का एक सरल और प्रभावी माध्यम है। उन्होंने शिक्षकों से परख परीक्षा में राज्य स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया।

सेमिनार के संयोजक यतेंद्र मोहन धस्माना ने बताया कि सेमिनार में शिक्षकों ने कक्षा स्तरीय दक्षताओं की प्राप्ति के लिए गतिविधि आधारित शिक्षण, खेल-खेल में सीखना, समूह कार्य, प्रश्न पूछने की स्वतंत्रता, शिक्षण अधिगम सामग्री (टीएलएम) का उपयोग, स्थानीय परिवेश से जोड़कर पढ़ाना तथा प्रत्येक बच्चे की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर अपने अनुभव साझा किए।
इस अवसर पर गुंजन अमरोही, दीपक लखेड़ा, यतेंद्र मोहन धस्माना, संजीव थपलियाल, मनोज गुसाईं, दीपिका रावत, अरविंद सिंह, कंचनबाला, पूजा, शिल्पी, शुभम डिमरी, नीरज रावत, संतोष मैठाणी, शैलेन्द्र भंडारी सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *