शिक्षकों और विद्यार्थियों को सिखाए बचाव के तरीके
भूकंप, भूस्खलन और वनाग्नि जैसी आपदाओं से निपटने का प्रशिक्षण, विज्ञान महोत्सव में भी चला जागरूकता अभियान
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। आपदा के समय जान-माल के नुकसान को कम करने और बचाव के व्यावहारिक उपायों की जानकारी देने के उद्देश्य से उत्तराखंड राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। आपदा दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में आग लगने और भूकंप जैसी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए मॉक ड्रिल कराई गई। इसके माध्यम से शिक्षकों और प्रतिभागियों को स्वयं सुरक्षित रहने के साथ दूसरों की मदद करने के तरीके बताए गए।
मॉक ड्रिल में आग लगने की स्थिति में भवन से सुरक्षित बाहर निकलने, निर्धारित निकास मार्ग का उपयोग करने, घबराहट से बचने, एक-दूसरे को सचेत करने और सुरक्षित स्थान पर एकत्रित होने का अभ्यास कराया गया। भूकंप से बचाव के लिए ‘झुको, ढको और पकड़े रहो’ (Drop, Cover and Hold) की प्रक्रिया समझाई गई। प्रतिभागियों को बताया गया कि भूकंप के दौरान लिफ्ट का उपयोग नहीं करना चाहिए। झटके रुकने के बाद ही सावधानीपूर्वक खुले और सुरक्षित स्थान पर जाना चाहिए।

उत्तराखंड विज्ञान महोत्सव के दौरान भी एससीईआरटी के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ ने विशेष जागरूकता गतिविधियां आयोजित कीं। पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों को प्रदेश में संभावित प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं की जानकारी दी गई।
प्रस्तुतीकरण में उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों के मद्देनजर भूकंप, भूस्खलन, अतिवृष्टि, बाढ़, बादल फटना, हिमस्खलन, वनाग्नि और ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड (जीएलओएफ) जैसी आपदाओं के कारणों, संभावित प्रभावों और बचाव के उपायों पर प्रकाश डाला गया। पर्वतीय क्षेत्रों में आपदा जोखिम कम करने के लिए समय रहते चेतावनी, सुरक्षित स्थानों की पहचान, स्थानीय स्तर पर तैयारी और सामुदायिक सहभागिता को आवश्यक बताया गया।
कार्यक्रम में इस बात पर जोर दिया गया कि आपदा प्रबंधन केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं है। इसमें प्रत्येक नागरिक, शिक्षक, अभिभावक और विद्यार्थी की महत्वपूर्ण भूमिका है। विद्यालयों में नियमित मॉक ड्रिल, आपातकालीन निकास मार्गों की जानकारी, प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण और बच्चों में आपदा के प्रति जागरूकता विकसित करना जरूरी है।
इस गतिविधि का नेतृत्व राज्य समन्वयक पद्मेंद्र सकलानी और राज्य सह-समन्वयक विनय थपलियाल ने किया। आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ की ओर से भुवनेश पंत और मनोज शुक्ला ने कार्यक्रम के संचालन, तकनीकी प्रस्तुतीकरण और जागरूकता गतिविधियों में योगदान दिया।
कार्यक्रम में संदेश दिया गया कि आपदाओं को हमेशा रोका नहीं जा सकता, लेकिन सही जानकारी, पूर्व तैयारी, सतर्कता और सामूहिक प्रयासों से उनसे होने वाले जान-माल के नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है। एससीईआरटी की यह पहल विद्यालयी शिक्षा में आपदा प्रबंधन को व्यावहारिक रूप से जोड़ने और विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को सुरक्षित समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदार बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण है।




