देहरादून में नर्सिंग अभ्यर्थियों का आंदोलन तेज

पानी की टंकी पर चढ़े आंदोलनकारी

अविकल उत्तराखंड

देहरादून। नर्सिंग अभ्यर्थियों की वर्षों से लंबित मांगों और लगातार हो रही अनदेखी के विरोध में आंदोलन तेज हो गया है। सरकार की ओर से बार-बार आश्वासन दिए जाने के बावजूद कोई ठोस निर्णय नहीं होने पर महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला समेत पांच आंदोलनकारी परेड ग्राउंड स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गए।

आंदोलनकारियों को टंकी पर बैठे 30 घंटे से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक सरकार की ओर से बातचीत की कोई पहल नहीं हुई है।

आंदोलनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे टंकी से नीचे नहीं उतरेंगे। इससे पहले ज्योति रौतेला ने वीडियो जारी कर आरोप लगाया था कि ऊपर से आदेश दिए गए हैं कि टंकी पर बैठे लोगों को पानी और भोजन भी न दिया जाए। उन्होंने सरकार पर सत्ता के अहंकार में होने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता इसका जवाब देगी।
हरक सिंह रावत भी धरनास्थल गए और आंदोलन को समर्थन दिया।

गौरतलब है कि नर्सिंग अभ्यर्थी वर्षवार भर्ती की मांग को लेकर पिछले 159 दिनों से शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे हैं। अभ्यर्थियों का आरोप है कि सरकार लगातार आश्वासन दे रही है, लेकिन भर्ती प्रक्रिया को लेकर अब तक कोई स्पष्ट निर्णय नहीं लिया गया।

ज्योति रौतेला ने कहा कि प्रदेश के हजारों प्रशिक्षित नर्सिंग अभ्यर्थी बेरोजगारी और मानसिक तनाव से जूझ रहे हैं। सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।

उन्होंने कहा कि यह लड़ाई केवल नर्सिंग अभ्यर्थियों की नहीं, बल्कि प्रदेश के हर उस युवा की है जो रोजगार और न्याय की मांग कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *