हरिद्वार में STF का बड़ा ड्रग्स नेटवर्क पर प्रहार, 18 हजार ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद

पुलिस को देखकर फरार हुए तस्कर, नशा तस्करी में इस्तेमाल बाइक भी जब्त

अविकल उत्तराखंड

देहरादून/हरिद्वार। स्पेशल टास्क फोर्स (STF) उत्तराखंड की एएनटीएफ टीम ने हरिद्वार जिले के लंढौरा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 18 हजार प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए हैं। थाना मंगलौर पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में नशा तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई, जबकि आरोपी पुलिस टीम को देखकर मौके से फरार हो गए।

एसटीएफ के अनुसार बरामद कैप्सूल “Acetaminophen, Tramadol Hydrochloride एवं Dicyclomine Hydrochloride Capsules” प्रतिबंधित नशीली श्रेणी में आते हैं। मौके पर पहुंचे ड्रग इंस्पेक्टर हरीश ने जांच के बाद दवाइयों के प्रतिबंधित श्रेणी में होने की पुष्टि की। पुलिस ने बरामद माल को सील कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

जांच में फरार आरोपियों में एक की पहचान फारुख पुत्र महमूद निवासी बहादराबाद, हरिद्वार के रूप में हुई है। उसका एक अन्य साथी भी फरार बताया गया है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। STF और ANTF की टीमें आरोपियों के नेटवर्क और सप्लाई चेन की भी जांच कर रही हैं।

पुलिस ने मौके से 18,000 ट्रामाडोल कैप्सूल और हीरो HF डीलक्स मोटरसाइकिल संख्या UK08AF5637 बरामद की है। कार्रवाई करने वाली टीम में निरीक्षक भवानी शंकर पंत, उपनिरीक्षक दीपक मेठाणी, हेड कांस्टेबल देशराज, कांस्टेबल प्रशांत चौहान और दीपक नेगी शामिल रहे। थाना मंगलौर पुलिस की ओर से उपनिरीक्षक राम बहादुर और कांस्टेबल नरेश ने अभियान में सहयोग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *