सांसद की बैठक से विधायकों की दूरी पर कांग्रेस का हमला
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। एआईसीसी सदस्य एवं उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने चमोली में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक को लेकर भाजपा पर गुटबाजी और सत्ता संघर्ष के आरोप लगाए हैं।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए धस्माना ने कहा कि गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी द्वारा आयोजित दिशा समिति की बैठक में जिले के दोनों विधायक और नगर पालिका परिषद अध्यक्ष गोपेश्वर में मौजूद रहने के बावजूद शामिल नहीं हुए।
उन्होंने कहा कि यह घटना भाजपा में चल रहे अंदरूनी संघर्ष और धड़ेबाजी को उजागर करती है।
धस्माना ने कहा कि जिस समय सांसद कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा बैठक कर रहे थे, उसी दौरान दोनों विधायक और नगर पालिका अध्यक्ष लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में मौजूद थे। उनका आरोप है कि सांसद की ओर से अधिकारियों के माध्यम से उन्हें बैठक में बुलाने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने बैठक में जाने से इनकार कर दिया। बाद में सांसद स्वयं उनसे मिलने निरीक्षण भवन पहुंचे।
कांग्रेस नेता ने कहा कि यह कोई सामान्य घटना नहीं है, बल्कि भाजपा के भीतर चल रही गुटबाजी का खुला प्रदर्शन है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ दल की अंदरूनी खींचतान का असर राज्य के विकास कार्यों पर पड़ रहा है और इसका खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है।

