सामुदायिक पुस्तकालय की पहल पर सम्मान समारोह आयोजित
शैक्षिक उन्नयन पर दिया जोर
अविकल उत्तराखंड
मुनस्यारी। सामुदायिक पुस्तकालय की अनूठी पहल पर “आओ अपने गांव से जुड़े अभियान” के तहत सोमवार को राजकीय प्राथमिक विद्यालय सरमोली में आयोजित सम्मान समारोह में चार कक्षा टाॅपर्स विद्यार्थियों को स्वर्गीय गोविंद सिंह रावत एवं श्रीमती बेलमती रावत स्मृति स्कॉलरशिप प्रदान किया गया।
इस अवसर पर अभिभावकों को विद्यालय के शैक्षिक उन्नयन के लिए अपना योगदान देने की अपील की गई।
स्कॉलरशिप के आयोजक शंखधूरा निवासी रघुनाथ सिंह रावत ने सम्मान समारोह का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया।
विद्यालय के कक्षा 2 के हर्ष ने 75 प्रतिशत,कक्षा 3 के गोविंद ने 83 प्रतिशत, कक्षा 4 के राहुल ने 81प्रतिशत, कक्षा 5 के लक्षिता ने 72 प्रतिशत अंक लाकर अपनी कक्षा में टाॅपर्स बनकर इस स्कॉलरशिप को प्राप्त किया।

सामुदायिक पुस्तकालय के संस्थापक जगत सिंह मर्तोलिया ने कहा कि इस आयोजन का मकसद बच्चों के भीतर कम्पटीशन की भावना पैदा हो। उन्होंने कहा कि विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन कर इस क्षेत्र में शैक्षिक नवाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है।
नगर पंचायत की सभासद श्रीमती हंसा रावत ने अपनी ओर से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करने के लिए नगद धनराशि दी।
आयोजक रिटायर्ड बैंक अधिकारी रघुनाथ सिंह रावत ने कहा कि अपने पूर्वजो को याद करने तथा उन्हे सच्ची श्रध्दांजलि देने का यह अच्छा मौका है।
विद्यालय की शिक्षिका पूजा जोशी एवं दीपा सयालाकोटी ने कहा कि विद्यालय के शिक्षक तथा बच्चों को प्रोत्साहन देने के इस तरह के कार्यक्रम भविष्य में लाभदायक सिद्ध होगा।
इस मौके पर महेंद्र सिंह रावत, दिशा, खीला देवी आदि उपस्थित रहे।



