Uksssc- अनुदेशक भर्ती परीक्षा का परिणाम जारी

चयन सूची uksssc की वेबसाइट पर अपलोड

यूकेएसएसएससी ने 370 पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन परिणाम घोषित किया

अविकल उत्तराखण्ड

देहरादून । उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने प्रशिक्षण एवं सेवायोजन निदेशालय के अंतर्गत अनुदेशक संवर्ग के 370 पदों के लिए आयोजित भर्ती परीक्षा का चयन परिणाम जारी कर दिया है।
आयोग ने चयनित अभ्यर्थियों की प्रविणता सूची अपनी वेबसाइट पर प्रकाशित कर दी है।
आयोग द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, विज्ञापन संख्या 55/उ०अ०से०च०आ०/2024 के तहत लिखित प्रतियोगी परीक्षा 20 नवम्बर से 14 दिसम्बर 2024 तक विभिन्न पालियों में आयोजित की गई थी। परीक्षा के बाद एनसीआईसी (नेशनल क्राफ्ट इंस्ट्रक्टर सर्टिफिकेट) प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने वाले अभ्यर्थियों में से 334 अभ्यर्थियों की औपबंधिक श्रेष्ठता सूची 29 अप्रैल 2026 को जारी की गई थी। इन अभ्यर्थियों के अभिलेख सत्यापन की प्रक्रिया 5 से 7 मई 2026 तक आयोग कार्यालय में सम्पन्न हुई।
आयोग के अध्यक्ष गणेश मर्तोलिया ने बताया कि प्रथम चरण में कुछ अभ्यर्थियों का चयन एक से अधिक ट्रेडों में होने तथा अनिवार्य अर्हता के अनुरूप पर्याप्त पात्र अभ्यर्थी उपलब्ध न होने के कारण द्वितीय चरण में 168 अभ्यर्थियों की अतिरिक्त सूची 13 मई 2026 को जारी की गई। इन अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन 18 मई 2026 को कराया गया।

आयोग के सचिव एनएस डुंगरियाल ने बताया कि दोनों चरणों की अभिलेख सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अर्ह पाए गए अभ्यर्थियों की चयन संस्तुति संबंधित विभाग को भेजी जा रही है। आयोग ने अभ्यर्थियों से विस्तृत जानकारी के लिए अपनी वेबसाइट देखने को कहा है।

विज्ञप्ति /चयन परिणाम
उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा जारी विज्ञापन संख्या 55/उ०अ० से०च०आ०/2024 दिनांक 16 फरवरी, 2024 में प्रशिक्षण एवं सेवायोजन निदेशालय, उत्तराखण्ड के अंतर्गत विज्ञापित अनुदेशक संवर्ग के कुल 370 पदों हेतु लिखित प्रतियोगी परीक्षा दिनांक 20 नवंबर, 2024 से दिनांक 14 दिसंबर, 2024 तक अलग-अलग पालियों में आयोजित की गयी।
उक्त लिखित परीक्षा के आधार पर जिन अभ्यर्थियों द्वारा आयोग को प्रत्यावेदन एवं ऑनलाईन माध्यम से आयोग को NCIC (National Craft Instructor Certificate) प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराये गये थे, ऐसे अभ्यर्थियों में से विज्ञप्ति / चयन परिणाम संख्या 13/गोपन /2026-27 दिनांक 29 अप्रैल, 2026 के द्वारा अभिलेख सन्निरीक्षा के प्रथम चरण में 334 अभ्यर्थियों की श्रेणी / उपश्रेणीवार औपबंधिक श्रेष्ठता सूची आयोग की वेबसाइट पर प्रकाशित की गयी। सूची में सम्मिलित अभ्यर्थियों की अभिलेख सन्निरीक्षा दिनांक 05 मई, 2026 से 07 मई, 2026 तक आयोग कार्यालय में की गयी।
प्रथम चरण में अभिलेख सन्निरीक्षा हेतु बुलाये गये कतिपय अभ्यर्थियों का चयन एक से अधिक ट्रेडों में होने तथा विज्ञापन में उल्लिखित संबंधित ट्रेडो हेतु अनिवार्य अर्हता अनुभव के कारण कुल पदों 370 पदों के सापेक्ष पूर्ण संख्या में पात्र अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं पाये गये। तत्क्रम में द्वितीय चरण की अभिलेख सन्निरीक्षा हेतु न्यूनतम अर्हक अंकों तक 168 अभ्यर्थियों की औपबंधिक श्रेष्ठता सूची दिनांक 13 मई, 2026 को आयोग की वेबसाइट पर प्रकाशित की गयी, जिनकी अभिलेख सन्निरीक्षा दिनांक 18 मई, 2026 को आयोग कार्यालय में की गयी।
प्रथम चरण एवं द्वितीय चरण की अभिलेख सन्निरीक्षा के उपरांत अर्ह पाये गये अभ्यर्थियों में से श्रेष्ठताक्रम एवं वरीयता के आधार पर अभ्यर्थियों की चयन संस्तुति नियोक्ता विभाग को प्रेषित किये जाने एवं अभ्यर्थियों के सुलभ संदर्भ हेतु प्रवीणता सूची आयोग की वेबसाइट www.sssc.uk.gov.in पर प्रकाशित की जा रही है।
(एन०एस० डुगरियाल)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *