दून मेडिकल कॉलेज के डिप्टी मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. बिष्ट ने दिया इस्तीफा

सीएम कार्यालय व स्वास्थ्य विभाग में हलचल

देखें आदेश, व्यक्तिगत कारणों का हवाला,अंदरूनी राजनीति की चर्चा

9 जुलाई से प्रभावी होगा त्यागपत्र

अविकल उत्तराखण्ड

देहरादून। राजकीय दून मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के डिप्टी मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. नंदन सिंह बिष्ट ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
उन्होंने इस संबंध में कॉलेज की प्राचार्य को संबोधित करते हुए अपना त्यागपत्र सौंपा है। इस्तीफा 9 जून को दिया गया।

मुख्यमंत्री कार्यालय व स्वास्थ्य महकमे ने डॉ बिष्ट के इस्तीफे को गम्भीरता से लिया है।
9 जून 2026 को दिए गए त्यागपत्र में डॉ. बिष्ट ने व्यक्तिगत कारणों का उल्लेख करते हुए डिप्टी मेडिकल सुपरिंटेंडेंट पद से त्यागपत्र देने की बात कही है। उन्होंने अनुरोध किया है कि उनका इस्तीफा 9 जुलाई 2026 से प्रभावी माना जाए।
अपने पत्र में डॉ. बिष्ट ने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया है। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया है कि वह अपने दायित्वों का सुचारु रूप से हस्तांतरण सुनिश्चित करेंगे, ताकि अस्पताल की व्यवस्थाओं पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
डॉ. नंदन सिंह बिष्ट वर्तमान में राजकीय दून मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के आपातकालीन चिकित्सा विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर के पद पर भी कार्यरत हैं। उनके इस्तीफे के बाद अस्पताल प्रशासन में नए डिप्टी मेडिकल सुपरिंटेंडेंट की नियुक्ति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
त्यागपत्र में व्यक्तिगत कारणों का विस्तृत उल्लेख नहीं किया गया है। लेकिन सूत्रों का कहना है कि डॉ बिष्ट आंतरिक खींचतान से दुखी थे। डॉ मुख्यमंत्री व राजभवन में भी विशेष ड्यूटी पर तैनात रहते थे। विभिन्न मुख्यमंत्रियों की रूटीन स्वास्थ्य जांच में भी डॉ बिष्ट की अहम भूमिका रहती है।

फिलहाल, अस्पताल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। स्वास्थ्य महकमे में डॉ. बिष्ट के इस्तीफे को महत्वपूर्ण प्रशासनिक घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है। लम्बे समय से चल रही अंदरूनी राजनीति से भो दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल चर्चाओं में रहता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *