एआई कैमरों और कंट्रोल रूम से हुई लाइव मॉनिटरिंग

449 केंद्रों पर 83 हजार से अधिक अभ्यर्थी हुए शामिल

हाईटेक सुरक्षा के बीच यूकेएसएसएससी स्नातक स्तरीय परीक्षा सम्पन्न

अविकल उत्तराखण्ड

देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) ने पूर्व में निरस्त हो चुकी स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा को इस बार अभूतपूर्व सुरक्षा और पारदर्शिता के साथ सफलतापूर्वक संपन्न कराया। राज्य के सभी 13 जनपदों में स्थापित 449 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित परीक्षा के दौरान एआई आधारित कैमरों, सीसीटीवी, जैमर, बायोमैट्रिक सत्यापन और पुलिस की कड़ी निगरानी के बीच 83 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।

आयोग ने इसे निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।
रविवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक एकल पाली में आयोजित इस परीक्षा के लिए कुल 1,54,603 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 1,14,635 अभ्यर्थियों ने प्रवेश पत्र डाउनलोड किए, जबकि लगभग 83,254 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। इस प्रकार परीक्षा में 72.62 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।


चूंकि, इसी भर्ती की परीक्षा पूर्व में निरस्त हो चुकी थी, इसलिए इस बार परीक्षा को शुचितापूर्ण और विवादरहित ढंग से संपन्न कराना आयोग के लिए बड़ी चुनौती थी। इसे देखते हुए आयोग ने सुरक्षा और निगरानी के लिए अत्याधुनिक तकनीक का सहारा लिया। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और जैमर लगाए गए थे, जबकि एआई आधारित कैमरों के जरिए आयोग मुख्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम से परीक्षा केंद्रों की लाइव मॉनिटरिंग की गई।

इस कार्य में सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र के विशेषज्ञों की भी सेवाएं ली गईं।
परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पूर्व अभ्यर्थियों की पुलिस द्वारा सघन फ्रिस्किंग की गई और उनकी बायोमैट्रिक उपस्थिति दर्ज की गई। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक जनपद में पुलिस विभाग की ओर से नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए थे।


परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए शासन स्तर पर भी लगातार निगरानी रखी गई। मुख्य सचिव  ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिलाधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं पुलिस महानिदेशक के निर्देशन में अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून-व्यवस्था) ने सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों और नोडल अधिकारियों को सुरक्षा संबंधी विस्तृत निर्देश जारी किए।


परीक्षा से पहले सीमावर्ती क्षेत्रों, होटल, ढाबों और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई। परीक्षा के दौरान जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, अभिसूचना तंत्र, सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट, पर्यवेक्षक, केंद्र व्यवस्थापक और कक्ष निरीक्षक लगातार सक्रिय रहे।
आयोग के अध्यक्ष जे एस मर्तोलिया ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई तथा कहीं से भी किसी अप्रिय घटना या गड़बड़ी की सूचना प्राप्त नहीं हुई। इससे राज्य की भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और विश्वास बहाली की दिशा में एक महत्वपूर्ण संदेश गया है।

देहरादून के 116 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा

उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) द्वारा आयोजित स्नातक स्तरीय प्रतियोगी परीक्षा रविवार को जनपद देहरादून के 116 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न हुई। परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों पर व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक परमेन्द्र डोभाल के निर्देश पर प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। परीक्षा में शामिल होने पहुंचे अभ्यर्थियों को पहचान सत्यापन और आवश्यक जांच के बाद ही केंद्रों में प्रवेश दिया गया।
परीक्षा के दौरान पुलिस कर्मियों ने सभी केंद्रों पर लगातार निगरानी बनाए रखी।


पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण तथा सभी क्षेत्राधिकारियों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के आसपास पुलिस टीमों द्वारा नियमित गश्त की गई। संदिग्ध गतिविधियों और अवांछित तत्वों पर नजर रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती गई। पुलिस की सक्रिय निगरानी और समुचित सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा बिना किसी व्यवधान के सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *