सेवा विस्तार की नीति पर भी उठे सवाल
18 जून तक रिपोर्ट नहीं आई तो सत्याग्रह
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) में लंबे समय से लंबित पदोन्नति आदेशों और सेवानिवृत्त अधिकारियों को दिए जा रहे सेवा विस्तार के मुद्दे पर उत्तरांचल पावर इंजीनियर्स एसोसिएशन ने नाराजगी जताई है। एसोसिएशन की विशेष ऑनलाइन बैठक में अभियंताओं ने आरोप लगाया कि डीपीसी की प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद पदोन्नति आदेश जारी नहीं किए जा रहे हैं।
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय सीमा तक संबंधित रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की गई और पदोन्नति प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी, तो राज्यव्यापी चरणबद्ध आंदोलन, क्रमिक अनशन और सत्याग्रह शुरू किया जाएगा।
उत्तरांचल पावर इंजीनियर्स एसोसिएशन की विशेष कार्यकारिणी बैठक मंगलवार को ऑनलाइन माध्यम से आयोजित की गई। बैठक में कहा गया कि 26 जुलाई 2025 को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की बैठक संपन्न हो चुकी है, लेकिन मुख्य अभियंता स्तर-1, मुख्य अभियंता स्तर-2 और अधीक्षण अभियंता के पांच पदों पर अब तक पदोन्नति आदेश जारी नहीं किए गए हैं।
बैठक में इस स्थिति पर रोष व्यक्त करते हुए कहा गया कि 9 जून 2026 को ऊर्जा निगम मुख्यालय में प्रबंधन के साथ हुई द्विपक्षीय वार्ता में प्रभारी निदेशक (परिचालन) ने इंजीनियर राजकुमार से संबंधित चार्जशीट की अंतिम रिपोर्ट 15 जून तक प्रबंध निदेशक को उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था। एसोसिएशन का आरोप है कि 16 जून तक भी रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की गई, जिससे पदोन्नति प्रक्रिया को जानबूझकर लंबित रखने की आशंका पैदा हो रही है।
एसोसिएशन ने निर्णय लिया कि यदि 18 जून तक रिपोर्ट जमा नहीं की गई तो संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा। इसके लिए पूरी जिम्मेदारी प्रभारी निदेशक (परिचालन) की होगी।
बैठक में यह मांग भी उठाई गई कि 30 जून 2026 के बाद किसी भी सेवानिवृत्त अधिकारी को पुनः सेवा विस्तार न दिया जाए। संगठन का कहना है कि सेवा विस्तार की व्यवस्था से कनिष्ठ अधिकारियों की पदोन्नति और कैरियर ग्रोथ प्रभावित होती है। अभियंताओं ने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद पदों पर बने रहने की परंपरा समाप्त होनी चाहिए और विभाग में नियमित पदोन्नति व्यवस्था को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष कार्तिकेय दूबे ने की। बैठक में पूर्व अध्यक्ष वाई.एस. तोमर, महासचिव मुकेश कुमार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमित रंजन, उपाध्यक्ष राहुल चानना सहित कई अभियंता पदाधिकारी उपस्थित रहे।



