खरगे के अपमान से भाजपा का दलित विरोधी चेहरा बेनकाब – कांग्रेस

अविकल उत्तराखंड

देहरादून। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने भाजपा पर दलित विरोधी मानसिकता के साथ काम करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की हल्द्वानी के रामलीला मैदान में हुई रैली के बाद भाजपा नेताओं और उससे जुड़े संगठनों के रवैये ने भाजपा का दलित विरोधी चेहरा जनता के सामने उजागर कर दिया है।

डॉ. प्रतिमा सिंह ने कहा कि भाजपा एक ओर ‘सबका साथ, सबका विकास’ और दलित सम्मान तथा सामाजिक न्याय की बात करती है, वहीं दूसरी ओर उसकी नीतियों और कार्यशैली में दलित समाज के प्रति भेदभावपूर्ण रवैया दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में जमीन-आसमान का अंतर है।

उन्होंने आरोप लगाया कि संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने का दावा करने वाली भाजपा के शासन में दलित, शोषित और गरीब वर्ग के हितों की अनदेखी की जा रही है। दलित समाज के साथ अन्याय और उत्पीड़न के मामले सामाजिक सौहार्द तथा देश की एकता और अखंडता के लिए चिंताजनक हैं।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा दलितों, गरीबों और वंचित वर्गों को केवल चुनाव के समय याद करती है। सत्ता में आने के बाद उनके अधिकारों और समस्याओं की अनदेखी की जाती है। सामाजिक सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन से जुड़े मुद्दों पर ठोस राहत देने के बजाय राजनीतिक बयानबाजी की जाती है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए संघर्ष किया है। बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों और संविधान की मूल भावना के अनुरूप प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और सम्मान मिलना चाहिए। कांग्रेस भाजपा की कथित दलित विरोधी नीतियों और भेदभावपूर्ण रवैये के खिलाफ लगातार आवाज उठाती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *