भाजपा नफरत का बाजार चला रही, राहुल गांधी मोहब्बत की दुकान खोल रहे : गोदियाल
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने हल्द्वानी में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा राहुल गांधी को लेकर दिए गए बयान की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि धर्म, जाति और संप्रदाय के नाम पर देश को बांटने वाली भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को बंटवारे की राजनीति पर कांग्रेस को ज्ञान देने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। देवभूमि में आकर इस तरह की विभाजनकारी बयानबाजी करना उनकी संकीर्ण मानसिकता को दर्शाता है।
गोदियाल ने कहा कि राहुल गांधी ने नफरत की राजनीति के खिलाफ कन्याकुमारी से कश्मीर और मणिपुर से मुंबई तक हजारों किलोमीटर की पदयात्राएं की हैं। वह देश को एकजुट करने के लिए ‘मोहब्बत की दुकान’ खोलने की मुहिम चला रहे हैं, जबकि भाजपा ‘नफरत का बाजार’ चला रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जब पिछड़े, दलित और वंचित वर्गों को उनका अधिकार दिलाने के लिए जातिगत जनगणना की मांग करते हैं तो भाजपा को इसमें भी देश का बंटवारा नजर आता है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि नितिन नवीन हल्द्वानी में आकर भाजपा सरकार की विफलताओं से जनता का ध्यान भटकाने के लिए राहुल गांधी और कांग्रेस पर अनर्गल आरोप लगा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का युवा बेरोजगारी से परेशान है, महिलाएं सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और अंकिता भंडारी मामले में न्याय की मांग अब भी बनी हुई है। इन गंभीर मुद्दों पर जवाब देने के बजाय भाजपा नेता कांग्रेस पर आरोप लगाकर जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं।
गोदियाल ने कहा कि उत्तराखंड की जनता अब विभाजन और ध्रुवीकरण की राजनीति के झांसे में आने वाली नहीं है। उन्होंने भाजपा नेताओं से देवभूमि के शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल को राजनीतिक बयानबाजी से दूषित न करने को कहा।



