प्रवासी उत्तराखण्डी प्रदेश के विकास में निभाएं भागीदारी- धामी

प्रवासी उत्तराखण्डियों के सम्मान में मुख्यमंत्री आवास पर रात्रिभोज

नंदा राजजात की प्रस्तुति ने मोहा मन

अविकल उत्तराखण्ड

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन के समापन के बाद शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास पर प्रवासी उत्तराखण्डियों के सम्मान में रात्रिभोज आयोजित किया। इस अवसर पर उत्तराखण्ड की लोकसंस्कृति और परंपराओं पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। मां नंदा देवी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता तथा नंदा राजजात पर आधारित प्रस्तुति ने अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

मुख्यमंत्री ने विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों से पहुंचे प्रवासी उत्तराखण्डियों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए उनके साथ संवाद किया। उन्होंने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी प्रदेश की पहचान और गौरव हैं। वे देश-दुनिया में अपनी प्रतिभा और सेवाओं के माध्यम से उत्तराखण्ड का मान बढ़ा रहे हैं। उनके अनुभव, विशेषज्ञता, निवेश और नवाचार से प्रदेश के विकास को नई दिशा मिल सकती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी केवल प्रदेश से बाहर रहकर विभिन्न क्षेत्रों में सेवाएं देने वाले लोग नहीं हैं, बल्कि राज्य की संस्कृति, परंपराओं और पहचान के संवाहक भी हैं। वे जहां भी रहते हैं, अपनी मातृभूमि की सांस्कृतिक विरासत और जीवन मूल्यों को साथ लेकर चलते हैं। ऐसे आयोजन राज्य और प्रवासी समाज के बीच भावनात्मक संबंधों को मजबूत करने का माध्यम हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की पहचान उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं, रीति-रिवाजों और आध्यात्मिक चेतना से है। प्रदेश से बाहर रह रही नई पीढ़ी को अपनी भाषा, बोली, लोकगीतों और लोकनृत्यों से जोड़ना जरूरी है। प्रवासी उत्तराखण्डी अगली पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने के साथ देवभूमि की पहचान को देश-दुनिया में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार उत्तराखण्ड को विकसित राज्य बनाने के लिए प्रयासरत है। इस लक्ष्य को हासिल करने में प्रवासियों की प्रतिभा, अनुभव और विशेषज्ञता महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। सरकार चाहती है कि प्रवासी प्रदेश के विकास में सक्रिय भागीदारी करें और अपने ज्ञान एवं अनुभव का लाभ युवाओं, उद्यमियों तथा स्थानीय समुदायों तक पहुंचाएं।

उन्होंने कहा कि पैतृक गांवों से जुड़े रहना और उनके विकास में योगदान देना मातृभूमि के प्रति जिम्मेदारी निभाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। अपने गांवों को गोद लेकर विकास कार्यों में सहयोग करने वाले प्रवासियों की पहल सराहनीय है। ऐसे प्रयास ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाओं के विस्तार, स्थानीय आजीविका के अवसर बढ़ाने और रिवर्स पलायन को प्रोत्साहित करने में सहायक हो सकते हैं।

मुख्यमंत्री आवास में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में पारंपरिक लोकगीतों और लोकनृत्यों के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान प्रस्तुत की गई। विशेष रूप से नंदा राजजात पर आधारित प्रस्तुति में उत्तराखण्ड की आस्था, लोकविश्वास, परंपरा और सांस्कृतिक एकता का चित्रण किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नंदा राजजात जैसी परंपराएं आस्था के साथ सामाजिक एकता, सामूहिकता और सांस्कृतिक गौरव की प्रतीक हैं। ऐसे आयोजनों से लोकसंस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में मदद मिलती है। राज्य सरकार सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने प्रवासी उत्तराखण्डियों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि वे प्रदेश के साथ अपना जुड़ाव बनाए रखेंगे और विकसित उत्तराखण्ड के संकल्प को साकार करने में सहयोग करेंगे।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, भरत सिंह चौधरी, दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, विधायक किशोर उपाध्याय, प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी, भारत सरकार के सचिव सुधांश पंत, अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी चित्रांशी रावत, मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु और पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *