सनेह में महिला को मारने वाले गुलदार को गोली मारने के आदेश

कोटद्वार में दिनदहाड़े महिला की मौत के बाद जनता का फूटा गुस्सा

15 दिन के लिए शूटर तैनात करने की अनुमति

अविकल उत्तराखण्ड

कोटद्वार। पौड़ी जिले के कोटद्वार क्षेत्र के सनेह में सोमवार को दिनदहाड़े गुलदार ने स्थानीय महिला कविता कोठियाल को मार डाला।
घटना से नाराज क्षेत्रवासियों ने महिला के शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन किया।
बाद में वन विभाग ने आदमखोर गुलदार को मारने के आदेश जारी कर दिए हैं।
मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) एवं मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक कार्यालय की ओर से 23 नवंबर 2026 को जारी आदेश में गुलदार को पकड़ने के सभी प्रयास विफल रहने पर उसे अंतिम विकल्प के रूप में गोली मारने की अनुमति दी गई है।

घटना की सूचना मिलते ही मेयर शैलेन्द्र रावत,  विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूड़ी भूषण और पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने वन मंत्री और वन विभाग के उच्च अधिकारियों से वार्ता कर क्षेत्र में दहशत का पर्याय बने गुलदार को मारने के आदेश जारी कराने की पहल की।

वन विभाग के आदेश के अनुसार, कोटद्वार वन प्रभाग के अंतर्गत सनेह क्षेत्र में तीन नवंबर को एक बालिका पर गुलदार द्वारा हमला किए जाने के बाद से ही उसे पकड़ने के प्रयास किए जा रहे थे। वन विभाग ने पिंजरे लगाने, कैमरा ट्रैप और ड्रोन के माध्यम से निगरानी करने के साथ ही गुलदार को ट्रेंकुलाइज करने की अनुमति भी दी थी। इसके बावजूद गुलदार को पकड़ने में सफलता नहीं मिली।

आदेश में कहा गया है कि 23 नवंबर को ग्राम कोटद्वार में गुलदार के हमले में एक महिला की मौत की घटना ने मानव-वन्यजीव संघर्ष की गंभीरता को फिर उजागर किया है। घटना से क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल है। मुख्य वन संरक्षक एवं प्रभागीय वनाधिकारी की ओर से गुलदार को पकड़ने के लिए पूर्व में किए गए सभी प्रयासों की विफलता को देखते हुए जनहित और जनसुरक्षा के मद्देनजर उसे नष्ट किए जाने की अनुमति मांगी गई थी।

मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) एवं मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक ने वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 (संशोधित 2022) की धारा 11(1)(क) के तहत प्रदत्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए गुलदार को गोली मारने की अनुमति प्रदान की है। इसके लिए शूटर भीम सिंह, निवासी नंदनगर (जनपद टिहरी गढ़वाल) को नामित किए जाने की संस्तुति की गई है।

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि गुलदार को पकड़ने के सभी प्रयासों के बाद भी सफलता नहीं मिलने और अपरिहार्य परिस्थितियों में ही उसे अंतिम विकल्प के रूप में मारा जाएगा। यह अनुमति केवल घटना के लिए उत्तरदायी चिन्हित गुलदार के संबंध में प्रभावी होगी।

वन विभाग को पांच बिंदुओं में आवश्यक शर्तों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। इनमें पूर्व में जारी दिशा-निर्देशों और उच्चतम न्यायालय के आदेश का अनुपालन, कैमरा ट्रैप एवं पीटीजेड कैमरों से निगरानी तथा ड्रोन के माध्यम से क्षेत्र पर नजर रखना शामिल है। यह अनुमति जारी होने की तिथि से 15 दिन तक प्रभावी रहेगी और इसके बाद स्वतः समाप्त हो जाएगी। इस अवधि में की गई कार्रवाई की सूचना तत्काल मुख्य वन संरक्षक कार्यालय को उपलब्ध करानी होगी। यदि 15 दिन में कोई कार्रवाई नहीं होती है तो इसकी सूचना अनुमति की अवधि समाप्त होने के अगले कार्यदिवस में देनी होगी।

नवंबर के पहले सप्ताह में भी गुलदार ने एक आठ साल की बालिका को घायल किया था। आज की घटना ने एक बार फिर कोटद्वार और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ते मानव-वन्यजीव संघर्ष तथा आबादी वाले इलाकों में वन्यजीवों की आवाजाही रोकने के लिए प्रभावी उपायों की जरूरत को सामने ला दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *