उत्तराखंड के खिलाड़ियों की भागीदारी पर रहेगी नजर
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित 21वीं राष्ट्रीय आइस स्केटिंग प्रतियोगिता में उत्तराखंड के 19 खिलाड़ी भाग लेंगे।
25 से 30 जून तक देहरादून स्थित साउथ एशिया के सबसे बड़े और सुसज्जित हिमाद्रि आइस स्केटिंग रिंग में आयोजित होने वाली 21वीं राष्ट्रीय आइस स्केटिंग प्रतियोगिता में महिला व पुरुषों के विभिन्न वर्गों में भाग लेने के लिए आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड की ओर से 14 पुरुष और 5 महिला खिलाड़ियों का चयन कर प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए भेजा गया है।
आइस स्केटिंग की स्पर्धाओं में फिगर स्केटिंग और स्पीड स्केटिंग की विभिन्न आयु वर्ग की प्रतियोगिताओं में देश भर से लगभग 600 से अधिक खिलाड़ियों के बीच उत्तराखंड के खिलाड़ी अपना हुनर दिखाएंगे। इस वर्ष राष्ट्रीय प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न आयु और कैटेगरी में फिगर स्केटिंग की मात्र एकल (Solo) प्रतियोगिताएँ ही होंगी, साथ ही स्पीड स्केटिंग में भी विभिन्न आयु वर्ग में विभिन्न दूरियों की शॉर्ट ट्रैक रेस और रिले रेस की प्रतियोगिताएँ शामिल की गयी हैं।
वहीं स्पीड स्केटिंग में ओजस तेनजिंग धर्मसक्तू, आयुष रमेश कंसवाल, मीमांशा नेगी, अग्रिमा भट्ट, धैर्य धौंडियाल, अनमोल सजवान, अथर्व चौहान, हिमागनी शर्मा, ऋषभ रावत, अथर्व भट्ट, वान्या भंडारी, अधिराज देव राहुल और अधर्व्य सिंह चौहान भाग लेंगे।
उत्तराखंड टीम कोच के रूप में नागेंद्र नेगी और टीम मैनेजर के रूप में यशवंत सिंह व टीम कप्तान के तौर पर आयुष जगुड़ी को शामिल किया गया है।
हिमाद्रि आइस स्केटिंग रिंक में उत्तराखंड के खिलाड़ियों को सलेक्शन के प्रमाण पत्र प्रेषित करते हुए शुभकामनाएँ देकर, आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष श्री शिव पैन्यूली ने आइस रिंक देहरादून को खोलने की अपनी और उत्तराखंड के खिलाड़ियों की वर्षों पुरानी माँग को पिछले वर्ष पूरा करने के लिए राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित खेल मंत्री श्रीमती रेखा आर्य और विशेष प्रमुख सचिव खेल एवं युवा कल्याण अमित सिन्हा का विशेष धन्यवाद प्रेषित किया। और आशा व्यक्त की कि यह रिंक राज्य के खिलाड़ियों को हमेशा निःशुल्क अथवा आसान दरों पर उपलब्ध होता रहेगा।
उन्होंने वर्ष 2026 के राष्ट्रीय आइस स्केटिंग खेलों को उत्तराखंड के देहरादून में अवस्थित हिमाद्रि आइस स्केटिंग रिंग में आयोजित करने के लिए खास तौर पर विशेष प्रमुख सचिव खेल एवं युवा कल्याण श्री अमित सिन्हा और आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अमिताभ शर्मा को राज्य में आइस स्केटिंग को बढ़ावा देने और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने के संकल्प और प्रयासों की प्रशंसा कर धन्यवाद भी प्रेषित किया।
21वीं राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए उन्होंने राज्य के खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ देकर उत्तराखंड के खेल प्रेमियों से अपील की कि वे आइस स्केटिंग के रोमांच को आत्मसात करने और राज्य के खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए हिमाद्रि आइस स्केटिंग रिंक 25 से 30 जून 2026 के मध्य ज़रूर पहुँचें।
इस मौके पर आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के सदस्यों यशवंत सिंह, नागेंद्र सिंह, सुखबीर सिंह रावत, ज्योति गैरोला और रूपा सहित स्केटिंग खेल प्रेमी मौजूद रहे।



