उच्च हिमालयी इलाके में फंसे 40 ट्रैकर्स सुरक्षित निकाले

कालिंदी बेस एवं ऑडिन कोल बेस रेस्क्यू अभियान

डीएम ने अभियान की ली अपडेट

अविकल उत्तराखंड

उत्तरकाशी। उच्च पर्वतीय साहसिक अभियान के तहत कालिंदी बेस तथा ऑडिन कोल बेस क्षेत्र में अभियान पर गए ट्रैकर्स और सदस्यों में से 40 सदस्यों का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है। रेस्क्यू किए गए सभी सदस्यों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया है।

कालिंदी पास बेस क्षेत्र से कुल 11 सदस्यों को रेस्क्यू किया गया, जबकि ऑडिन कोल बेस क्षेत्र से कुल 29 सदस्यों को सुरक्षित निकाला गया है। इस प्रकार दोनों क्षेत्रों से कुल 40 सदस्यों का सफल रेस्क्यू किया गया है।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशन में रेस्क्यू अभियान के दौरान संबंधित टीमों द्वारा हर्षिल एवं अन्य पड़ावों पर आवश्यक समन्वय एवं कार्रवाई की जा रही है।

जिलाधिकारी ने स्मार्ट कंट्रोल रूम पहुंचकर रेस्क्यू अभियान का जायजा लिया। और रेस्क्यू में लगी सभी टीमों को तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए और चारधाम यात्रा की अपडेट ली तथा यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा अन्य सेवाओं को भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

उच्च हिमालयी क्षेत्र से ट्रैकर्स के सुरक्षित रेस्क्यू के लिए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने हर्षिल हेलीपैड पहुंचकर चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद सेना, वायुसेना, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिसऔर आपदा प्रबंधन की संयुक्त टीमों से ट्रैकर्स की लोकेशन, मौसम की स्थिति और हवाई व पैदल बचाव अभियानों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि विपरीत मौसम और दुर्गम परिस्थितियों के बावजूद रेस्क्यू टीमों द्वारा आपसी समन्वय से अभियान जारी है और ट्रैकर्स को प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित रेस्क्यू किया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने हेलीपैड पर एम्बुलेंस, चिकित्सा दलों और राहत सामग्री की पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और रेस्क्यू होकर आ रहे ट्रैकर्स को तत्काल प्राथमिक उपचार, गर्म कपड़े और भोजन-पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिये।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय,एडीएम मुक्ता मिश्र सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *