10, 16 और 26 वर्ष पर तीन पदोन्नत वेतनमान बहाली को लामबंद हुए कर्मचारी
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। प्रदेश के कर्मचारियों को 10, 16 और 26 वर्ष की सेवा पर तीन पदोन्नत वेतनमान (एसीपी) का लाभ बहाल करने की मांग को लेकर 27 नवंबर को देहरादून में विशाल रैली आयोजित की जाएगी। रैली में प्रदेश के सभी 13 जनपदों से कर्मचारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने जनजागरण अभियान चलाने का निर्णय लिया है।
एसीपी बहाली संयुक्त मोर्चा के आंदोलन को गति देने के लिए शनिवार को राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद की ऑनलाइन बैठक हुई। परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष अरुण पांडेय की अध्यक्षता में हुई बैठक का संचालन प्रांतीय महामंत्री शक्ति प्रसाद भट्ट ने किया। इसमें सभी 13 जनपदों की इकाइयों, परिषद के घटक संगठनों और अन्य कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि एसीपी बहाली संयुक्त मोर्चा का आंदोलन एक सूत्रीय है। कर्मचारियों की एकमात्र मांग पूर्व की भांति 10, 16 और 26 वर्ष की सेवा पर तीन पदोन्नत वेतनमान का लाभ बहाल करना है। वक्ताओं ने कहा कि इस व्यवस्था की बहाली कर्मचारियों के हित में जरूरी है।
बैठक में बताया गया कि पांच नवंबर को संयुक्त मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव से मुलाकात कर मांगपत्र सौंपा था। मुख्यमंत्री ने सचिव मुख्यमंत्री विनय शंकर पांडेय को संबंधित कर्मचारी संगठनों के साथ बैठक करने के निर्देश दिए थे, लेकिन अभी तक शासन स्तर पर कोई ठोस पहल नहीं हुई है। इससे कर्मचारियों में नाराजगी है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि परिषद के पदाधिकारी जनपदीय इकाइयों और उपशाखाओं की बैठकें कर कर्मचारियों को आंदोलन से जोड़ेंगे। विभिन्न सरकारी कार्यालयों में जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। घटक संगठनों के पदाधिकारी भी अपने-अपने जनपदों में बैठकें कर अधिकाधिक कर्मचारियों को 27 नवंबर की रैली में शामिल होने के लिए प्रेरित करेंगे।
डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ और राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के तत्वावधान में आयोजित होने वाली रैली के माध्यम से शासन तक कर्मचारियों की मांग पहुंचाई जाएगी। रैली के बाद आंदोलन की आगामी रणनीति और कार्यक्रमों की घोषणा की जाएगी।
बैठक में गढ़वाल मंडल अध्यक्ष हर्षमोहन नेगी, नैनीताल से यशलम और अफरोज अहमद, अल्मोड़ा से उमापति पांडे, चंपावत से अशोक फर्तियाल, उत्तरकाशी से टीएस पुंडीर, रुद्रप्रयाग से संतोषी नेगी, हरिद्वार से अनोज चौहान, बागेश्वर से नारायण सिंह, आदेश बौगुणा, अजय देवनाथ, असलम अली, गिरिजेश कांडपाल, जयवीर रांगड़, योगेश भारती, ओमवीर चौधरी, धीरज गुप्ता, रविन्द्र चौहान, पिंकेश, आसाराम मुनियाल, रमेश सिंह कंडवाल, सुरेश डबराल और हर्ष जोशी सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक में सभी 13 जनपदों के प्रतिनिधियों ने रैली को सफल बनाने और अपने-अपने संगठनों से अधिकाधिक कर्मचारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।




